शहर

पंजाब में समय से पहले चुनाव की हलचल तेज, केजरीवाल के दावे से सियासत में मचा बड़ा भूचाल

पंजाब में विधानसभा चुनाव अपने तय समय से पहले कराए जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। सभी प्रमुख दल इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं।

Image

अरविंद केजरीवाल (फाइल फोटो)

Photo : Twitter

पंजाब में तय समय से पहले विधानसभा चुनाव हो सकते हैं यह दावा किसी और ने नहीं बल्कि खुद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने किया है। अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव अब फरवरी में नहीं बल्कि नवंबर में होंगे। इसलिए अरविंद केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं को तैयार रहने के लिए कहा है और कहा है कि अब चुनाव में महज 4 महीने बचे हैं इसलिए हमें अब दोबारा से भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।

कब खत्म होगा मान सरकार का कार्यकाल?

पंजाब में मौजूदा भगवंत मान सरकार का कार्यकाल मार्च 2027 में समाप्त हो रहा है इसलिए मार्च से पहले फरवरी के आखिरी सप्ताह में चुनाव होने हैं। लेकिन अरविंद केजरीवाल ने दावा कर दिया है कि चुनाव चार महीने पहले करवाए जाएंगे। पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरपाल चीमा ने कहा है कि पंजाब में विधानसभा चुनाव नवंबर में हो सकते हैं। हम इसकी तैयारी कर रहे हैं। आम आदमी पार्टी पूरी तरह चुनावों के लिए तैयार है। हमारी पूरी टीम और सभी मंत्री लोगों से जुड़े हुए हैं। हम पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने तर्क दिया कि जहां भी SIR होता है वहां 40 दिन के अंदर चुनाव हो जाते हैं। इसलिए पंजाब में भी SIR शुरू हो गया है इसलिए जल्दी विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। लेकिन जब चाहे चुनाव हो जायें हम तैयार हैं।

"आम आदमी पार्टी खुद चुनाव जल्दी करवाना चाहती है"

बीजेपी जहां सीधे सत्ता तक नहीं पहुंच सकती वहां SIR और वोट चोरी से सत्ता तक पहुंचने की कोशिश करती है मगर पंजाब में ये कामयाब नहीं होंगे। बीजेपी पंजाब में फेल हो चुकी है। लोग बीजेपी को समझ चुके हैं कि बीजेपी नफरत फैलाती है और इन्हीं की वजह से महंगाई बढ़ी है। वहीं कांग्रेस के पंजाब अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा है कि चाहे चुनाव कल घोषित हो जाए कांग्रेस चुनाव के लिए पूरी तरीके से तैयार है। राजनीति में हर दल को चुनाव के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए हम पूरी तरीके से चुनाव के लिए तैयार हैं।

आम आदमी पार्टी खुद चुनाव जल्दी करवाना चाहती है क्योंकि जिस तरीके से पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के कई विधायक और सांसद पार्टी छोड़ गए यहां पर भी हो सकता है कि कई नेता और विधायक पार्टी छोड़ने की तैयारी में हो इसलिए आम आदमी पार्टी भी चाहती है कि चुनाव जल्दी हो जाएं। वहीं भाजपा के महासचिव अनिल सरीन ने कहा कि लगता है आम आदमी पार्टी को पंजाब से जाने की ज्यादा जल्दी है इसलिए वो जल्दी चुनाव कराने की बात कह रहे हैं।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article