शहर

पूर्णिया में आपसी विवाद के चलते दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, गल्ला व्यवसायी की मौत

पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र में एक विवाद सुलझाने गए बड़े गल्ला व्यवसायी सूरज बिहारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में करीब 15-20 लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। पुलिस ने मामला आपसी विवाद का बताया है और सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।

Image

पूर्णिया में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Purnia News: पूर्णिया के मरंगा थाना क्षेत्र स्थित वसंत विहार में, एक लड़की को लेकर चल रहे विवाद को सुलझाने पहुंचे वरिष्ठ गल्ला व्यवसायी सूरज बिहारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शी और उनके सुरक्षा गार्ड प्रेम सिंह के अनुसार, सूरज बिहारी विवाद सुलझाने के दौरान लोगों से बात कर रहे थे, तभी विरोधी पक्ष के लगभग 15-20 लोग वहां पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद उन्हें तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। इस घटना ने इलाके में भय का माहौल बना दिया है। पुलिस ने बताया कि यह हत्या आपसी विवाद से जुड़ी हुई है और सभी आरोपी अभी फरार हैं। मौके पर पहुंची स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इसे कानून व्यवस्था में बड़ी चूक करार दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में लगी हुई है, लेकिन दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने प्रशासन के सामने गंभीर चुनौती पेश कर दी है।

सुरक्षा गार्ड ने क्या बताया?

पूर्णिया में हुई घटना के प्रत्यक्षदर्शी सूरज बिहारी के सुरक्षा गार्ड प्रेम सिंह ने बताया कि सूरज बिहारी विवाद सुलझाने के लिए पहुंचे थे और लोगों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान विरोधी पक्ष के करीब 15-20 लोग वहां पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें सूरज बिहारी गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें निजी अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

15-20 लोगों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग

वहीं, अन्य प्रत्यक्षदर्शी सुबोध शर्मा ने बताया कि यह विवाद उस लड़की को लेकर शुरू हुआ था, जिसका उनके बेटे ने फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड किया था। इसके बाद उस लड़की के प्रेमी ने उनके बेटे के साथ मारपीट की। इसी मामले को लेकर आज सूरज बिहारी का छोटा भाई भी वहां गया था, लेकिन विरोधी पक्ष ने उसके साथ भी हिंसा की। जब सूरज बिहारी अपने सुरक्षा गार्ड के साथ समझौता कराने पहुंचे, तब बृजेश समेत 15-20 लोग वहां आए और ताबड़तोड़ फायरिंग की। शर्मा ने कहा कि यह पूरी घटना लड़की से जुड़े विवाद की वजह से हुई।

मामले की जांच अभी जारी

मरंगा थाना प्रभारी कौशल कुमार ने बताया कि यह हत्या आपसी विवाद के चलते हुई है और मामले की जांच अभी जारी है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है और वे अभी फरार हैं। इस बीच, घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा और महापौर के पति जितेंद्र यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि दिनदहाड़े हुई यह हत्या कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है। नेवालाल चौक के आसपास अक्सर फायरिंग जैसी घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन पुलिस कार्रवाई नहीं करती। दोनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग भी की। साथ ही, उन्होंने कहा कि यह वारदात न केवल शहर में दहशत फैलाने वाली है, बल्कि यह भी स्पष्ट करती है कि छोटे-छोटे विवाद भी किस तरह जानलेवा रूप ले रहे हैं। इसके अलावा पूर्णियां सांसद पप्पू यादव ने भी यही प्रतिक्रिया दी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article