Ranchi Gulmohar Park Murder: रांची के लोअर वर्धमान कंपाउंड स्थित गुलमोहर पार्क में शनिवार देर रात एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रविवार को पार्क में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मधेश्वर सिंह, जो इसी क्षेत्र के निवासी थे, के रूप में हुई। घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। गुस्साए लोगों ने रविवार दोपहर डेढ़ बजे शव को लेकर लालपुर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। पुलिस के अनुसार, देर रात पार्क के पास कुछ हमलावरों ने मधेश्वर सिंह पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। हत्या के पीछे का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।
आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि इलाके में आपराधिक घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की निगरानी और गश्ती प्रभावी नहीं है।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को न्याय दिलाने, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी साक्षी जमुआर के नेतृत्व में लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार और सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया।
हिरासत में दो आरोपी
पुलिस ने आश्वासन दिया कि मामले में तेजी से कार्रवाई की जा रही है और दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया जाएगा। अधिकारियों की समझाइश के बाद लंबे समय तक चले सड़क जाम को हटाया गया और लालपुर चौक पर यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ।
(इनपुट - आईएएनएस)
