शहर

सपा में जाने की अटकलों पर बृजभूषण शरण सिंह ने लगाया विराम, बोले- फिलहाल भाजपा के साथ हूं

मुजफ्फरनगर पहुंचे भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी में जाने की अटकलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में चर्चाएं और कयास लगते रहते हैं, लेकिन उन्होंने खुद कभी ऐसा संकेत नहीं दिया।

Image

सपा में जाने को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा ये

Photo : PTI

Brij Bhushan Sharan Singh: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अफवाहें और चर्चाएं राजनीति का हिस्सा होती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद कभी ऐसा कोई बयान नहीं दिया है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि वह वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी के साथ हैं और पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं।

"अपनी ओर से अनुमान लगाते रहते हैं"

मुजफ्फरनगर के नसीरपुर गांव पहुंचे भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने समाजवादी पार्टी में शामिल होने की चर्चाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी। वह किसान नेता पूरन सिंह के पिता की तेहरवीं और पगड़ी रस्म में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने परिवार के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान मीडिया से बातचीत में बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि राजनीति में तरह-तरह की बातें होती रहती हैं और लोग अपनी ओर से कयास लगाते रहते हैं।

पूरा परिवार भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा है

बृजभूषण शरण सिंह ने साफ कहा कि उन्होंने खुद कभी ऐसा कोई संकेत नहीं दिया है। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल उनका पूरा परिवार भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ है। उनका एक बेटा भाजपा से सांसद है, जबकि दूसरा बेटा विधायक है। खुद वह छह बार सांसद रह चुके हैं और उनकी पत्नी भी सांसद रह चुकी हैं। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वर्तमान समय में वह भारतीय जनता पार्टी के साथ ही हैं।

सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा था ये

बता दें कि, वाराणसी में समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह को लेकर अपना बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि बृजभूषण शरण सिंह फिलहाल भारतीय जनता पार्टी में खुद को सहज महसूस नहीं कर रहे हैं। हालांकि, यदि उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने की कोई स्थिति बनती है तो उस पर आखिरी फैसला पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ही करेंगे। वीरेंद्र सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव हमेशा बाहुबली और विवादित छवि वाले लोगों को पार्टी में शामिल करने से बचते रहे हैं। उन्होंने 2012 का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय डीपी यादव को लेकर भी मुलायम सिंह यादव की सहमति के बावजूद अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी में प्रवेश नहीं करने दिया था।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article