शहर

सावधान! 26 जनवरी से पहले स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी; अहमदाबाद-नोएडा में सिक्योरिटी अलर्ट

अहमदाबाद-नोएडा में गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) से पहले कई स्कूलों को डाक के जरिए बम से उड़ाने धमकी भरे संदेश भेजे गए हैं। सूचना मिलने के बाद बम दस्ते और फोरेंसिक विभाग ने जांच शुरू कर दी है।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

गणतंत्र दिवस से पूर्व अहमदाबाद और नोएडा में एक बार फिर स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। दोनों शहरों के प्रतिष्ठित स्कूलों को ई-मेल के जरिए धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया है। वहीं, दिल्ली से पुणे आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2608 को गुरुवार शाम को हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बम की धमकी दी गई थी।

अहमदाबाद में सेंट जेवियर्स स्कूल को बम की धमकी

अहमदाबाद में सेंट जेवियर्स स्कूल और संत कबीर स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई है। यह धमकी भी ई-मेल के माध्यम से दी गई। धमकी भरे ईमेल मिलने के बाद अहमदाबाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते मौके पर पहुंचे और स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान शुरू किया गया। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे परिसर की गहन जांच की। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाए गए हैं।

नोएडा के इन स्कूलों को मिली धमकी

न्यूज एजेंसी भाषा\पीटीआई के हवाले से नोएडा में शिव नादर स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी भी ई-मेल के जरिए प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक प्रथमदृष्टया यह मेल फर्जी प्रतीत हो रहा है। हालांकि, हर पहलू से जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी नोएडा के कई स्कूलों को ई-मेल के जरिए ऐसी धमकियां मिल चुकी हैं।

धमकी के बाद स्कूल प्रशासन ने एहतियातन स्कूल को आज के लिए बंद रखने का फैसला किया। स्कूल प्रिंसिपल की ओर से अभिभावकों को भेजे गए संदेश में कहा गया कि सुरक्षा जांच के मद्देनजर स्कूल बंद रहेगा, स्कूल बसों को वापस भेज दिया गया है और अभिभावकों से अपने बच्चों को निर्धारित ड्रॉप-ऑफ स्थान से लेने की अपील की गई है। लगातार मिल रही धमकियों के चलते अभिभावकों में चिंता का माहौल है। पुलिस और साइबर सेल ई-मेल की ट्रेसिंग, आईपी एड्रेस और भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है। फिलहाल स्कूल परिसरों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

दिल्ली-पुणे फ्लाइट को बम की धमकी

दिल्ली से पुणे आ रही इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2608 को बृहस्पतिवार शाम को हवाई अड्डे पर पहुंचने पर बम की धमकी की सूचना मिली। अधिकारियों के मुताबिक विमान की जांच करने पर कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। एक अधिकारी ने कहा कि विमान को रात 8:40 बजे पहुंचना था, लेकिन वह रात 9:24 बजे उतरा और रात 9:27 बजे बे नंबर तीन पर पार्क किया गया। इसके बाद, हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) ने बम की धमकी की जानकारी एप्रन कंट्रोल को दी। फिर विमान को आइसोलेशन बे में ले जाया गया। एप्रन कंट्रोल ने तुरंत सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क किया और बम धमकी मूल्यांकन समिति (बीटीएसी) की बैठक बुलाई गई।’

अधिकारी ने बताया कि मूल्यांकन के बाद बम पहचान एवं निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) द्वारा विमान की पूरी तरह से जांच की गई। विमान की जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।

अधिकारी ने बताया कि सभी प्रक्रियाओं के पूरा होने पर विमान को मंजूरी दे दी गई और उसे सामान्य परिचालन के लिए छोड़ दिया गया। इंडिगो ने एक बयान में कहा कि दिल्ली से पुणे जाने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई-2608 में लैंडिंग के तुरंत बाद सुरक्षा खतरा देखा गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article