BMC Election: बीएमसी चुनाव से पहले शिवसेना उद्धव गुट को बड़ा झटका लगा है। उद्धव ठाकरे की शिवसेना से इस्तीफा देने के बाद पूर्व पार्षद तेजस्वी घोसालकर बीजेपी में शामिल हो गईं हैं। तेजस्वी घोसालकर ने उत्तरी मुंबई के दहिसर विधानसभा क्षेत्र में शिवसेना (उबाठा) की महिला शाखा की प्रमुख के रूप में कार्य किया था और वह पूर्व विधायक विनोद घोसालकर की पुत्रवधू हैं। उनके पति अभिषेक घोसालकर की 2024 की शुरुआत में फेसबुक लाइव के दौरान स्थानीय निवासी मॉरिस नोरोन्हा ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। अभिषेक बीएमसी के पूर्व पार्षद भी थे।
भाजपा में शामिल होने पर क्या बोली तेजस्वी घोसालकर
तेजस्वी घोसालकर भाजपा की मुंबई इकाई के प्रमुख अमीत साटम और पार्टी के विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) प्रवीण दरेकर की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हो गईं। बाद में, तेजस्वी ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने शिवसेना (उबाठा) में लगन से काम किया था और अब वह अपनी नयी पार्टी में और भी अधिक मेहनत करेंगी। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी द्वारा मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, मैं उसे स्वीकार करूंगी।’’
पति की हत्या में जांच को लेकर असंतोष
तेजस्वी ने अपने पति की हत्या के मामले में जांच के धीमी गति से होने पर भी निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पति की हत्या के मामले में सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) की जांच धीमी गति से हो रही है। मुझे उम्मीद है कि यह जल्द से जल्द पूरी हो जाएगी।’’ पिछले साल सितंबर में मुंबई उच्च न्यायालय ने पुलिस जांच में कुछ कमियों और खामियों को रेखांकित करते हुए हत्या की जांच सीबीआई को सौंप दी थी।
शिवसेना से पार्षद थी तेजस्वी घोसालकर
तेजस्वी घोसालकर 2017 से 2022 तक (तत्कालीन अविभाजित) शिवसेना की पार्षद थीं। उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। पिछले साल राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान उनके और उनके ससुर के बीच मतभेद सामने आए, क्योंकि दोनों दहिसर से चुनाव लड़ना चाहते थे। विनोद घोसालकर ने अंततः शिवसेना (उबाठा) के टिकट पर इस सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन भाजपा की मनीषा चौधरी से हार गए।
