शहर

लोन के बदले रिश्वत! बिजनौर में CBI ने बैंक मैनेजर और फील्ड ऑफिसर को रंगे हाथ पकड़ा

बिजनौर के सहसपुर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक में सीबीआई ने शाखा प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर और एक निजी व्यक्ति को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। सीबीआई ने इन्हें 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Bijnor News: भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बिजनौर जिले के सहसपुर स्थित यूपी ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक और फील्ड ऑफिसर को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक निजी व्यक्ति (कैजुअल वर्कर) को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपये की अवैध रिश्वत मांगने और स्वीकार करने के आरोप में रंगे हाथों दबोचा गया।

शिकायत के आधार पर सीबीआई ने की कार्रवाई

सीबीआई की ओर से रविवार को जारी प्रेस नोट के अनुसार, इस मामले में 31 जनवरी 2026 को एक शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता की पत्नी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के तहत 5 लाख रुपए के लोन के लिए यूपी ग्रामीण बैंक, सहसपुर, बिजनौर में आवेदन किया था। आरोप है कि बैंक के फील्ड ऑफिसर ने लोग स्वीकार करने के बदले शिकायतकर्ता से पहले 40 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की। बाद में यह मांग बढ़ाकर 45 हजार रुपए कर दी गई। शिकायत मिलने के बाद सीबीआई ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

जांच में सामने आया कि फील्ड ऑफिसर यह अवैध राशि शाखा प्रबंधक के साथ आपसी साजिश के तहत मांग रहा था। योजना के तहत सीबीआई की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसमें शाखा प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर और एक निजी व्यक्ति को शिकायतकर्ता से 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।

CBI ने रांची में रक्षा भूमि इकाई में दो लोगों को पकड़ा

इससे पहले, सीबीआई ने रांची के रक्षा भूमि इकाई में काम करने वाले एक हवलदार और एक निजी व्यक्ति को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। यह रिश्वत एक शिकायतकर्ता से उस जमीन पर निर्माण कार्य करने की अनुमति देने के बदले में ली गई थी, जिसे आर्मी की जमीन बताया जा रहा था। सीबीआई ने हवलदार मुकेश कुमार राय के खिलाफ मामला दर्ज किया था, जिसमें आरोप था कि उसने शिकायतकर्ता से 5 लाख रुपए की रिश्वत की मांग की थी ताकि उसे आर्मी की जमीन पर निर्माण कार्य करने की अनुमति दी जा सके।

(इनपुट - IANS)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!