Bihar Weather: नेपाल में कल यानी बुधवार 26 अगस्त को आए भीषण फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। पड़ोसी देश में अब तक 165 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि सैकड़ों अन्य घायल हैं। नेपाल में आई इस जल त्रासदी के चलते भारत के सीमावर्ती इलाकों में भी बाढ़ का खतरा बढ़ गया है, खासतौर पर बिहार में। बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारों ने रेड अलर्ट जारी कर प्रशासन को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
नेपाल में जलस्तर बढ़ने का सबसे सीधा असर बिहार में बहने वाली गंडक और कोसी नदियों के जलप्रवाह पर पड़ सकता है। इसके चलते बिहार के 6 जिलों और उत्तर प्रदेश के 4 जिलों में बाढ़ का खतरा है। बिहार में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली जिलों में हाई अलर्ट घोषित किया गया है। यही नहीं सीतामढ़ी, शिवहर और अन्य संवेदनशील जिलों में भी हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बिहार में फिर एक्टिव हुआ Monsoon
इस बीच बिहार में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी गुरुवार 27 अगस्त को राज्य के 27 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ठनका गिरने और लगभग 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों तक बिहार में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है और कुछ हिस्सों में भारी बारिश भी हो सकती है।
गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी चिंता
पिछले 24 घंटे के दौरान पटना और खगड़िया सहित कुछ इलाकों में बारिश देखने को मिली है। दूसरी ओर, गंगा नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी से बेगूसराय जिले के बलिया प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ का असर दिखाई देने लगा है। भवानंदपुर, परमानंदपुर और भगतपुर समेत आसपास के क्षेत्र प्रभावित बताए जा रहे हैं।
पूरी तरह खत्म नहीं हुआ बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक बिहार में बारिश का पैटर्न अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। अगले एक-दो दिनों में नमी और स्थानीय स्तर पर बादल बनने की प्रक्रिया के चलते कई जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे राज्य में एक साथ तेज बारिश होगी। अलग-अलग क्षेत्रों में मौसम की स्थिति अलग रह सकती है।
आकाशीय बिजली यानी ठनके के खतरे को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, बिजली के खंभों और बड़े पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना बेहतर होगा।
कल रक्षाबंधन पर कैसा रहेगा मौसम?
कल यानी शुक्रवार 28 अगस्त को रक्षाबंधन के दिन भी बिहार में मौसम पूरी तरह साफ रहने की संभावना नहीं है। कई हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है। ऐसे में त्योहार के दौरान स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखना जरूरी होगा।
पटना में आज बारिश
राजधानी पटना में गुरुवार को बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। बारिश होने पर तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। पटना और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव जारी रहने का अनुमान है।
42 फीसद कम बारिश ने बढ़ाई चिंता
बिहार में मानसून सीजन के दौरान अब तक बारिश सामान्य से काफी कम रही है। 26 अगस्त तक राज्य में 741.2 मिमी बारिश सामान्य मानी गई थी, जबकि वास्तविक बारिश 428.6 मिमी दर्ज हुई है। यानी राज्य में करीब 42 फीसद बारिश की कमी है। कम बारिश का असर कृषि से जुड़ी गतिविधियों पर भी पड़ रहा है। किसानों के लिए आने वाले दिनों की बारिश इसलिए अहम मानी जा रही है।
