Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31-December-2025: बिहार में नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच होने जा रही है। पछुआ हवाओं की तेज रफ्तार ने कनकनी को और बढ़ा दिया है, जिससे लोगों को दिन में भी ठिठुरन का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में शीत दिवस और कोहरे की स्थिति फिलहाल बनी रहेगी और अगले कुछ दिनों तक तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है।
बिहार में मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर बिहार और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति दर्ज की जा सकती है। 1 जनवरी को उत्तर बिहार के लगभग सभी जिलों में कोल्ड डे और पूरे राज्य में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान पछुआ हवा चलती रहेगी, जिससे ठंड और ज्यादा तीखी महसूस होगी। बीते दिन राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान में गिरावट जबकि अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई। बिहार में न्यूनतम तापमान 7.7 से 12.6 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 12.7 से 19 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। गया, औरंगाबाद और नालंदा में भीषण शीत दिवस दर्ज हुआ, जबकि डेहरी में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी रही।
पटना में धूप निकली, लेकिन ठंड बरकरार
राजधानी पटना में करीब नौ दिनों बाद दोपहर के समय धूप जरूर निकली, लेकिन तेज पछुआ हवा के कारण ठंड से राहत नहीं मिली। अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने पटना में अगले दो दिनों तक कोहरे के बने रहने की संभावना जताई है, हालांकि फिलहाल शीत दिवस का कोई अलर्ट नहीं है।
कोहरे को लेकर अलर्ट
हिमालय से सटे तराई क्षेत्रों में ठंड का असर सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। पश्चिम और पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज जैसे जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है। दृश्यता कई जगहों पर काफी कम दर्ज की गई है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा और बेगूसराय जैसे जिलों में घने कोहरे के साथ ठंड का असर बना हुआ है। कुछ जिलों में कोल्ड डे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हालांकि खगड़िया, भागलपुर, बांका और मुंगेर जैसे इलाकों में सुबह हल्का कुहासा और दिन में आंशिक धूप निकलने की संभावना है।
नया साल भी ठंड के साथ होगा शुरू
मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 जनवरी को भी ठंड से राहत मिलने की उम्मीद कम है। उत्तर बिहार में कोल्ड डे और घना कुहासा बना रह सकता है, जबकि दक्षिण बिहार में मुख्य रूप से कोहरे का असर रहेगा। पछुआ हवा के चलते पूरे दिन कनकनी महसूस होती रहेगी। पूर्वानुमान के अनुसार, बिहार में कोहरे और शीत दिवस से व्यापक राहत 5 जनवरी के बाद मिलने की संभावना है। दक्षिण बिहार में 3 जनवरी से ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आ सकती है, जबकि उत्तर बिहार में ठंड का दौर थोड़ा लंबा खिंच सकता है।
