शहर

सीतामढ़ी हिंसा पर पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, 159 उपद्रवियों की तस्वीरें जारी, तेजस्वी के अल्टीमेटम पर बोले मंत्री अशोक चौधरी

Sitamarhi NEET Protest Violence: सीतामढ़ी में नीट परीक्षा पेपर लीक विवाद को लेकर हुए उग्र प्रदर्शन और हिंसा मामले में पुलिस ने 159 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर दी हैं और अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा केस वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी के जवाब में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने पलटवार किया है।

Image

नीट प्रदर्शन में हिंसा पर सख्त बिहार पुलिस

Photo : Times Now Digital

Sitamarhi NEET Protest Violence: बिहार के सीतामढ़ी में नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले की आड़ में शनिवार को हुए उग्र प्रदर्शन और हिंसा के खिलाफ पुलिस ने अपना शिकंजा कस दिया है। डुमरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर मेडिकल जांच के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। हिंसा में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान के लिए सीतामढ़ी पुलिस ने 159 संदिग्धों की तस्वीरें सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर जारी की हैं।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे इन तस्वीरों को देखकर आरोपियों की पहचान करने में मदद करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इसके लिए विशेष मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। पुलिस का साफ कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

तेजस्वी यादव ने सरकार को दी चेतावनी

इसी बीच, इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज प्राथमिकियां (FIR) वापस नहीं ली गईं, तो वे बड़ा आंदोलन करेंगे। तेजस्वी के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सरकार इस पूरे मामले को बहुत गंभीरता से देख रही है।

मंत्री ने दिया जवाब

उन्होंने कहा, "छात्र हमारे अपने हैं, लेकिन सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और हिंसा को रोकने के लिए पुलिस को कड़े कदम उठाने पड़ते हैं।" मंत्री ने स्पष्ट किया कि दर्ज मुकदमों में यह गहराई से देखा जाएगा कि कौन निर्दोष छात्र है और कौन उपद्रवी। जो लोग छात्रों के आंदोलन के पीछे से हिंसा का संचालन (ऑपरेट) कर रहे हैं, उनके सामने आते ही सख्त कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article