शहर

पूर्वी चंपारण पुलिस ने नकली नोटों का बड़ा रैकेट किया ध्वस्त, 10 गिरफ्तार; भारी मात्रा में जाली मुद्रा बरामद

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले (मोतिहारी) में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां नकली नोटों के एक रैकेट का खुलासा किया गया है। पुलिस की सघन छापेमारी में इस गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि भारत और नेपाल की भारी मात्रा में जाली मुद्रा बरामद हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई ने नकली नोटों के पूरे नेटवर्क को उजागर कर दिया है।

Image

पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़े नकली नोट रैकेट का भंडाफोड़ किया (प्रतीकात्मक फोटो)

Bihar Fake Currency Racket: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले (मोतिहारी) में पुलिस ने नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर गिरोह से जुड़े 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से भारत और नेपाल की बड़ी मात्रा में जाली मुद्रा भी बरामद की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रविवार को गुप्त सूचना मिली थी कि हरैया थाना क्षेत्र के रास्ते नेपाल से बिहार में नकली नोटों की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर रक्सौल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हरैया थाना अंतर्गत बोधी माई मंदिर के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया, जिसके दौरान इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।

नकली नोट हुए बरामद

वाहन जांच के दौरान बोधी माई मंदिर के पास पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 18,500 रुपये मूल्य के भारतीय नकली नोट बरामद किए गए। जब दोनों से पूछताछ की गई, तो उन्होंने इस जाली नोट गिरोह से जुड़े कई अन्य लोगों के नाम और भूमिका के बारे में जानकारी दी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आसूचना इकाई की टीम के सहयोग से अन्य जिलों में भी छापेमारी अभियान चलाया गया।

आठ और आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

इसी क्रम में सीतामढ़ी जिले के मेजरगंज थाना क्षेत्र से आठ और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से लगभग 25 लाख रुपये की नकली नेपाली मुद्रा, 1.40 लाख रुपये की असली नेपाली करेंसी, 22 बंडल सादा कागज, नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल व अन्य उपकरण, तीन मोटरसाइकिल और एक चार पहिया वाहन बरामद किए गए। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!