शहर

PM Modi in Darbhanga: दरभंगा में पीएम मोदी की जनसभा, बीजेपी प्रत्याशी के लिए मांगेंगे वोट; चौकस हुआ पुलिस प्रशासन

PM Modi in Darbhanga: एक महीने में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार का पांचवा दौरा है। बिहार के दरभंगा में पीएम बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे और उनके लिए वोट मांगेंगे।

Image

दरभंगा में पीएम मोदी की जनसभा

PM Modi in Darbhanga: लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर में अलग-अलग स्थानों पर चुनावी रैलियों में शामिल हो रहे हैं और जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। आज पीएम मोदी बिहार के दरभंगा में जनसभा को संबोधित करने जा रहे हैं। बता दें कि चुनाव को लेकर 1 महीने के भीतर बिहार का ये दौरा पीएम मोदी का पांचवा दौरा है। दरभंगा में पीएम के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। पुलिस प्रशासन अलर्ट पर है। मिली जानकारी के अनुसार, जनसभा का आयोजन ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले राज मैदान में किया जाएगा। प्रशासन द्वारा जनसभा की सारी तैयारी कर ली गई है।

बीजेपी प्रत्याशी के लिए मांगेंगे वोट

दरभंगा लोकसभा सीट पर बीजेपी ने गोपाल जी ठाकुर को मैदान में उतारा है। यहां उनका मुकाबला राजद विधायक ललित यादव से होने वाला है। ललित यादव पहली बार सांसद बनने के प्रयास में है तो वहीं गोपाल जी ठाकुर दूसरी बार सांसद बनने की कोशिश कर रहे हैं। बता दें कि दरभंगा लोकसभा सीट पर पोलिंग 13 मई 2024 यानी की चौथे चरण में होगी। चुनाव से पहले बीजेपी प्रत्याशी के समर्थन में और उनके लिए वोट मांगने के लिए खुद पीएम मोदी दरभंगा आ रहे हैं और यहां जनसभा को संबोधित करेंगे।

जनसभा की तैयारी हुई तेज

दरभंगा के राज मैदान में पीएम मोदी दोपहर 3:30 बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके लिए 2.5 लाख स्क्वायर फीट का पंडाल लगाया गया है और एक भव्य मंच तैयार किया गया है। पंडाल में लोगों के बैठने के लिए 40 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई है। पीएम विशेष विमान से दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेंगे और सड़क मार्ग से होते हुए राज मैदान जाएंगे।

पुलिस बल की तैनाती

दरभंगा में पीएम मोदी के आगमन को लेकर पुलिस प्रशासन चौकस है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिला डीएम राजीव रौशन सहित एसएसपी जगुनाथ रेडी, डीआईजी सहित तमाम आला अधिकारी पीएम के आगमन को लेकर सुरक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article