शहर

बिहार का मौसम (7 April 2026) Bihar Weather Today: आसमान से आफत! बिहार में आंधी-बारिश और ठनके का खतरा; अगले तीन दिन अलर्ट जारी

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 7 April 2026: बिहार में अगले 3-4 दिन मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान आंधी-बारिश के साथ ओले गिरने का भी अलर्ट है। साथ ही ठनका गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

Image

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम

Photo : Times Now Digital

बिहार में आज का मौसम (7 April 2026): बिहार में अगले 48 घंटे मौसम का मिजाज बिगड़े रहने वाला है। इस दौरान आसमान से आफत बरसने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को पूरे बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कुछ जगहों पर ओले और बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम में आने वाले इस बदलाव की वजह एक नया वेदर सिस्टम है। दरअसल उत्तर-पश्चिमी भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हुआ है, साथ ही बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवाएं भी आ रही हैं। इन दोनों के प्रभाव से बिहार में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

बिहार में 7 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम (Bihar Weather Today)

मौसम विभाग के अनुसार आज बिहार में बारिश के चलते मौसम खुशनुमा बने रहने की संभावना है। इस दौरान पटना, बक्सर समेत सभी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने और तेज हवाएं चल सकती है। साथ ही मेघगर्जन और ठनका गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवाओं की गति 50 किमी प्रति घंटे के करीब रह सकती है। बिहार में आज अधिकतम तापमान 28 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का अनुमान है।

बिहार में तीन दिन बिगड़ा रहेगा मौसम

IMD के अनुसार बिहार में 8 और 9 अप्रैल को खराब मौसम की तीव्रता ज्यादा रहने की संभावना है। जिसका प्रभाव पूरे राज्य में रहने के आसार हैं। जिससे सभी जिलों में तेज आंधी और बारिश आने के साथ ही ठनका गिरने का भी अलर्ट है। खासतौर पर शिवहर, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, अररिया, किशनगंज और पूर्णिया मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। इन जिलों में ओले गिरने का भी अलर्ट है। वहीं हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी प्रति घंटे के बीच रह सकती है। इस दौरान लोगों को खासकर किसानों को सावधान रहने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

बिहार में बारिश से गर्मी से मिली राहत

बिहार में सोमवार को भी गया, औरंगाबाद, नालंदा, मुंगेर, बांका, नवादा समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। इस दौरान भभुआ में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्र सेल्सियस मधुबनी में रहा। बिहार में मुझफ्फरपुर समेत कई जिले बीते कुछ दिनों से तेज धूप के कारण गर्मी से तप रहे थे। इन जिलों को अब बारिश की फुहार से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले 3-4 दिनों तक बारिश का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। जिससे तापमान में भी 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article