दिल्ली में आज का मौसम (7 April 2026): दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। आज सुबह राजधानी के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सर्द हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे मौसम भी ठंडा हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी भारत को प्रभावित कर सकता है। जिसके कारण दिल्ली-एनसीआर समेत देश के कई राज्यों में अगले दो दिन आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। जिसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान कई जगहों पर ओले गिरने का भी अलर्ट है। हालांकि अभी तक राजधानी में ओले गिरे की संभावना नहीं जताई गई है।
दिल्ली में शुरू हुआ बारिश का नया दौर (Delhi Ka Mausam)
दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से ही बादल लदे हुए हैं। कई हिस्सों में बारिश शुरू भी हो गई है। नोएडा में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। जिस कारण ऑफिस जाने वाले लोगों को समस्या हुई। फरीदाबाद में भी छिटपुट बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज राजधानी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना जताई है। जिसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात का भी अलर्ट जारी किया गया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
दिल्ली-NCR में दो बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 7 और 8 अप्रैल को दोनों दिन बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कल भी राजधानी में पूरे दिन रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। जिसकी रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में करीब 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली में 8 अप्रैल को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज हो सकता है। जिसके बाद 9 से 11 अप्रैल के दौरान बारिश होने की संभावना नहीं है। लेकिन तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।
