शहर

बिहार का मौसम (12 Jan 2026) Bihar Weather Today: गिरते-बढ़ते तापमान के बीच बिहार में शीतलहर की चेतावनी, 19 जिलों में येलो अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 12 Jan 2026: लगातार दो दिनों तक कड़ाके की ठंड और सर्द हवाओं से जूझ रहे बिहारवासियों के लिए अगले कुछ और दिन मुश्किल में ही कटने वाले हैं। हालांकि अलर्ट पहले की तुलना में जरूर कुछ कम हुए हैं लेकिन अभी पूरी राहत नहीं मिलने वाली है। आइए जानते हैं बिहार के मौसम का हाल।

Image

बिहार में शीतलहर से फिलहाल राहत नहीं (चित्र साभार: iStock)

Photo : iStock

बिहार में आज का मौसम (12 Jan 2026): लगातार दो दिनों तक हाड़ कंपा देने वाली ठंड के बाद रविवार की सुबह बिहार के कई जिलों में धूप निकलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन सर्दी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ है। बीते दिनों धूप नदारद रहने और तेज कनकनी के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव होगा, मगर ठंड अभी कुछ समय और सताएगी।

पटना का मौसम

रविवार को पटना समेत कई इलाकों में सुबह के समय सूरज निकलने से लोगों को गुनगुनी गर्माहट का अहसास हुआ। बीते तीन दिनों से गिरते तापमान के कारण लोग परेशान थे। हालांकि धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के चलते घरों के भीतर ठिठुरन बनी रही। आज सोमवार को पटना में ठंड तो रहेगी लेकिन मौसम विभाग का कोई अलर्ट नहीं है। आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहेगा और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग ेक आंकड़ों के मुताबिक बीते दिन राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17.6 डिग्री दर्ज किया गया। राज्य में सबसे ठंडी रात गयाजी में रही, जहां पारा 4.2 डिग्री तक गिर गया। वहीं औरंगाबाद में अधिकतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा।

अगले 24 घंटे तक शीतलहर की चेतावनी

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में अगले दिन तक शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। इस दौरान तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। ठंडी पछुआ हवाओं के कारण सुबह और शाम की सर्दी ज्यादा परेशान कर सकती है।

अगले 7 दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक सप्ताह में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि जिलों के अनुसार इसमें अंतर देखने को मिल सकता है। 15 जनवरी के बाद धीरे-धीरे तापमान में बढ़ोतरी के संकेत हैं।

कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट

सोमवार को राज्य के उत्तरी हिस्सों में घने कोहरे और शीत दिवस जैसी स्थिति बनने की संभावना है। पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, अररिया और किशनगंज समेत 19 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और रात के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। कोहरे के कारण वाहन चलाते समय सावधानी रखने की भी अपील की गई है।

क्या होता है कोल्ड डे?

मैदानी इलाकों में जब न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे और अधिकतम तापमान में भी सामान्य से 4.5 से 6.5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ जाए तो उस दिन को कोल्ड डे यानी शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है। मैदानी इलाकों में जब भी न्यूनतम तापमान दस डिग्री से कम रहे साथ ही अधिकतम तापमान में भी यदि सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से अधिक की गिरावट देखी जाए तो उस दिन को सीवियर कोल्ड डे यानी गंभीर शीत दिवस के रूप में दर्ज किया जाता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article