शहर

Bihar Weather: बिहार में आंधी-बारिश से गर्मी हुई गायब! पटना में 29 डिग्री तक गिरा पारा; कल भी झमाझम बरसात का अलर्ट

बिहार का मौसम (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 01 May 2026: बिहार में आंधी-बारिश के बाद तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। साथ ही गर्मी से भी राहत मिली है। आज बिहार के 33 जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

Image

बिहार का मौसम

बिहार में आज का मौसम (01 May 2026): बिहार में मौसम ने तेवर बदल लिए हैं। बादलों ने गर्मी पर ब्रेक लगा दिया है। झमाझम बारिश और आंधी के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अभी बारिश का मौसम बरकरार रहने की संभावना है। आज भी कई जिलों में तेज बारिश और आंधी-तूफान चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 33 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

बिहार में कल भारी बारिश का अलर्ट

बिहार में आज सुबह से ही कहीं बादल छाए हुए हैं, तो कहीं बारिश देखने को मिल रही है। बगहा और बेतिया में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई। वहीं राजधानी पटना समेत कई शहरों में काले बादलों ने आसमान में डेरा डाला हुआ है। 2 मई को बिहार के उत्तर-मध्य और दक्षिण-पूर्व हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सहरसा और सुपौल समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। साथ ही 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी भी चलने की आशंका है।

4 मई तक बिहार में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बिहार में 4 मई तक आंधी-बारिश का मौसम जारी रहने की संभावना जताई है। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसके प्रभाव से बिहार में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है। अगले 24 घंटे के दौरान तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से राज्य के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव हो रहा है। जिससे गर्मी से भी बड़ी राहत मिली है और तापमान भी काफी कम हुआ है।

पटना के तापमान में भारी गिरावट

बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते दिन यहां 89 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चली। जिसके कारण तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में सबसे गर्म भभुआ 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रहा। वहीं सबसे ठंडा मधुबनी 17.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article