Bihar Weather Today (बिहार में आज का मौसम 6 May 2026): वैसे तो मई के इन दिनों में प्रचंड गर्मी और उससे होने वाली परेशानियों व मौत की खबरें आती हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से लगातार मौसम बारिश और आंधी के चलते तापमान नीचे बना हुआ है। आज यानी बुधवार 6 मई को भी बिहार के कई जिलों में मौसम गदर काटेगा। भारत मौसम विभाग ने आज बिहार के 15 जिलों में आंधी, तेज बारिश और ठनका गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही IMD ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है। बुधवार सुबह ही सुपौल, अररिया और खगड़िया में तेज बारिश हुई, जबकि राजधानी पटना, कटिहार, नालंदा सहित कई जिलों में सुबह से बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। उम्मीद की जा रही है कि यहां आज बारिश होगी और तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा।
आज दिनभर बारिश का दौर चलेगा
आज यानी बुधवार 6 मई की शुरुआत ही बारिश के साथ हुई। राघोपुर इलाके में मेघगर्जन के साथ तेज बारिश हुई, अररिया में सुबह साढ़े आठ बजे के बाद झमाझम बारिश हुई, जबकि खगड़िया में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर कई जिलों में बादल, गरज और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में जमकर हुई बारिश
अगर पिछले 24 घंटे की बात की जाए तो बिहार में इस सीजन की सबसे ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। राज्य में 89.7 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य 31.8 मिमी की तुलना में 182 फीसद ज्यादा है। वैशाली के हाजीपुर में 59 मिमी, बक्सर के सिमरी में 58.6 मिमी, डुमरांव में 58.2 मिमी, जहानाबाद के काको में 56 मिमी और खगड़िया के बलतारा में 55.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कई अन्य जिलों में भी 40 से 50 मिमी तक वर्षा दर्ज की गई है।
7 बच्चों सहित 25 की मौत
हालांकि, इस बदले मौसम ने राहत के साथ नुकसान भी काफी पहुंचाया है। सोमवार 4 मई को आंधी, बारिश और ठनका गिरने की घटनाओं में 7 बच्चों सहित कुल 25 लोगों की मौत हो चुकी है। गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण और खगड़िया इससे सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में शामिल रहे।
कल तक बारिश का दौरा रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार कल यानी गुरुवार 7 मई तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। पटना में 6 से 9 मई तक आंशिक बादल, गरज और हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने का अनुमान है। जबकि, 8 मई के बाद धीरे-धीरे मौसम साफ होना शुरू हो सकता है, लेकिन फिलहाल बिहार के लोगों को अगले 48 घंटे सतर्क रहने की जरूरत है।
