शहर

महिलाओं पर भड़के CM नीतीश कुमार, बोले-'अरे कहां जा रही हो, सुनोगी तभी तो जानोगी कितना विकास हुआ'?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समृद्धि यात्रा के दौरान सिवान में जनसभा को संबोधित करते हुए महिलाओं पर भड़क गए। भाषण के दौरान जब कुछ महिलाएं कार्यक्रम से बाहर जाने लगीं तो सीएम ने मंच से कहा कि आप लोगों को ध्यान रखना चाहिए, ऐसे मत भागिए...जरा सुन लीजिए एक-एक बात। 'अरे महिला सब काहे भाग रही हैं, सुनोगी नहीं तो कैसे जानोगी कितना काम किया गया है।

Image

बिहार के सीएम नीतीश कुमार

सिवान : बिहार के मुख्यमंत्री 22 जनवरी को समृद्धि यात्रा के तहत सिवान जिले में संबोधन दे रहे थे। इसी दौरान उनका अंदाज कुछ बदला नजर आया। दरअसल, 40 मिनट के भाषण के दौरान सीएम साल 2025 में किए गए विकास कार्यों को जनता के सामने रख रहे थे। तभी कुछ महिलाएं कार्यक्रम से बाहर जाने लगीं तो मुख्यमंत्री ने सभी को रुकने के लिए कहा। उन्होंने मंच से कहा कि आप लोग ऐसे मत भागिए! जरा सुन लीजिए एक-एक बात। 'अरे महिला सब काहे भाग रही है, जानोगी नहीं सब तो कैसे जानोगी कितना काम किया गया है।

सीएम ने गिनाए विकास कार्य

सीएम नीतीश कुमार अपने भाषण की शुरुआत बिहार में 24 नवंबर 2005 को अपनी सरकार बनने के समय को याद करते हुए कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एक समय था, जब स्थिति बहुत खराब थी। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। हिंदू-मुस्लिम विवाद चरम पर थे और शिक्षा व इलाज के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं थे। लेकिन, हमारी सरकार आने के बाद राज्य में प्रेम, भाईचारा और शांति का माहौल कायम हुआ।

शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार

सीएम ने बताया कि बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के माध्यम से 2023 में 2 लाख 58 हजार सरकारी शिक्षकों की बहाली की गई। कुल मिलाकर अब सरकारी शिक्षकों की संख्या 5 लाख 24 हजार हो गई है। इसके साथ ही लड़कों और लड़कियों के लिए पोशाक एवं साइकिल योजना भी चलाई गई।

मेडिकल कॉलेज की व्यवस्था

नीतीश ने कहा कि पहले राज्य में मात्र 6 मेडिकल कॉलेज थे, जिन्हें बढ़ाकर 12 किया गया है और 27 अन्य जिलों में नए मेडिकल कॉलेज बनाने का काम जारी है। पटना में PMCH को 5400 बेड और IGIMS को 3000 बेड का अस्पताल बनाया जा रहा है।

सड़कों का विकास

पटना से सुदूर क्षेत्रों को सड़कों के जरिए कम किया गया। 2016 में यह लक्ष्य पूरा किया गया कि बिहार के किसी भी कोने से 6 घंटे में पटना पहुंचा जा सके। अब पुल-पुलियों और रेल ओवर ब्रिज के निर्माण के बाद यह समय घटकर 5 घंटे हो गया है।

कृषि रोड मैप और बिजली

बिहार में कृषि विकास के लिए 2008 से रोड मैप बनाया गया। वर्तमान में अनाज, दूध और मछली उत्पादन में काफी वृद्धि हुई है और बिहार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर हो गया है।

हर घर बिजली और सोलर ऊर्जा

सीएम ने दावा किया कि साल 2018 में हर घर बिजली पहुंचाने का लक्ष्य हमारी सरकार ने पूरा किया। अब सरकार की योजना है कि इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर मुफ्त सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे बिजली बिल्कुल मुफ्त हो जाएगी।

महिला सशक्तिकरण पर काम

सरकार ने 2006-07 में पंचायतों और नगर निकायों में महिलाओं को 50% आरक्षण दिया। साथ ही पुलिस बहाली में 35% आरक्षण दिया गया, जिससे आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सर्वाधिक है। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर 'जीविका' समूह की शुरुआत की गई। वर्तमान में 1 करोड़ 40 लाख जीविका दीदियां हैं। 2024 में इस योजना को शहरी क्षेत्रों में भी विस्तारित किया गया है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article