भोपाल

MP में सुलझी मर्डर की गुत्थी! महिला की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, ट्रेनों में मिले थे शव के टुकड़े

10 जून को ऋषिकेश में एक यात्री ट्रेन में 37 वर्षीय महिला के हाथ और दोनों पैर मिले थे। शव के बाकी हिस्से 9 जून को इंदौर में दूसरी यात्री ट्रेन से बरामद हुए थे। इस मामले में जीआरपी ने आरोपी को आरोपी को उज्जैन से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया था फिर उसकी हत्या कर दी।

Image

उज्जैन से आरोपी गिरफ्तार

MP News: उज्जैन में दुष्कर्म में नाकाम रहने पर एक महिला की हत्या के बाद उसके शव के टुकड़े अलग-अलग यात्री ट्रेनों में रखने के आरोप में रविवार को 60 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने आरोपी कमलेश पटेल (60) को उज्जैन से गिरफ्तार किया है। जीआरपी के एक अधिकारी ने बताया कि 37 वर्षीय महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर ऋषिकेश में एक यात्री ट्रेन में 10 जून को मिले थे, जबकि उसके शरीर के बाकी हिस्से उत्तराखंड की इस धार्मिक नगरी से करीब 1,150 किलोमीटर दूर इंदौर में एक अन्य यात्री ट्रेन से नौ जून को बरामद किए गए थे।

पति से झगड़े के बाद उज्जैन पहुंची थी महिला

जीआरपी की इंदौर इकाई के पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने बताया कि रतलाम जिले की रहने वाली महिला अपने पति से झगड़े के बाद छह जून को अपना घर छोड़कर चली गई थी और तलाश किए जाने पर उसका कोई पता नहीं चलने के बाद उसके परिवार ने 12 जून को बिलपांक पुलिस थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कोरी ने बताया, ‘‘पति से झगड़े के बाद महिला उज्जैन पहुंची और मथुरा जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर बैठी थी। पटेल महिला को फुसला कर अपने घर ले गया और उसे भोजन में नींद की गोली मिलाकर दे दी।’’

वारदात में इस्तेमाल छुरा बरामद

उन्होंने बताया कि महिला को नींद आने पर पटेल ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया, लेकिन महिला की नींद खुल गई और उसने शोर मचा दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पटेल ने रस्सी से गला घोटकर महिला की हत्या कर दी तथा छुरे से उसकी लाश के टुकड़े करके इंदौर-नागदा यात्री ट्रेन और इंदौर-देहरादून यात्री ट्रेन में रख दिए ताकि उसकी पहचान न हो सके। उन्होंने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल छुरा और अन्य अहम सबूत बरामद किए हैं और विस्तृत जांच जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!