भोपाल

MP के मंदसौर में कुएं में गिरी वैन, 11 लोगों के मौ; 13 लोग थे सवार

मध्यप्रदेश के मंदसौर में एक वैन के कुएं में गिर जाने से 11 लोगों की मौत हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वैन उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के अंतरी माता मंदिर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।

Image

मंदसौर वैन हादसा (फोटो)

मंदसौर : जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 श्रद्धालुओं को ले जा रही एक वैन बुढ़ा-टाकरवत क्रॉसिंग के पास कचरिया चौपाटी गांव में खुले कुएं में गिर गई। इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें एक बचावकर्ता भी शामिल है। इस दुर्घटना में दो छोटे बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, वैन ने एक बाइक को टक्कर मारने के बाद नियंत्रण खो दिया और लगभग 15 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि क्षेत्रीय निवासी मनोहर सिंह ने जब वैन में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की तो वह वैन में मौजूद एलपीजी गैस के जहरीले धुएं की चपेट में आकर अपनी जान गंवा बैठे। नारायणगढ़ थाना प्रभारी अनिल रघुवंशी ने बताया कि अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जिनमें बचावकर्ता मनोहर सिंह और बाइक सवार गोबर सिंह शामिल हैं। बचाव कार्य अभी भी जारी है।

मनोहर सिंह संजीत गांव के निवासी थे, जबकि गोबर सिंह सीतामऊ के रहने वाले थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनोहर सिंह की मौत के बाद बचाव कार्य के लिए जेसीबी और क्रेन जैसी भारी मशीनों का सहारा लिया गया, लेकिन इससे वैन में फंसे कई यात्री दम घुटने से काल का ग्रास बन गए।

राज्य के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट किया, "मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कचरिया चौपाटी गांव में चार पहिया वाहन के कुएं में गिरने की हृदय विदारक घटना की सूचना मिलते ही तत्काल स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया और कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक को बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।"

मृतकों में बच्चे भी शामिल

मीडिया से बातचीत में उन्होंने घायलों की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई, लेकिन भरोसा दिलाया कि सभी को समय रहते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देवड़ा ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को हर संभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया। हादसे में बचाए गए लोगों में 26 वर्षीय माया कीर और तीन व 12 वर्ष के दो बच्चे शामिल हैं, जिन्हें मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, वैन उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के अंतरी माता मंदिर जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article