BJP vs Congress Protest Ujjain: उज्जैन के क्षीरसागर स्थित कांग्रेस कार्यालय चौराहा सोमवार को भाजपा और कांग्रेस के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के लिए दंगल का मैदान बन गया। करीब एक घंटे तक दोनों पार्टियों के सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और पार्षद आमने-सामने खड़े होकर नारेबाजी करते रहे। इस दौरान नेता और कार्यकर्ता पुलिस बैरिकेडिंग पर चढ़कर एक-दूसरे को धक्का देने लगे। हंगामे के बीच भाजपा द्वारा स्थापित मंच भी गिर गया। मंच गिरते समय भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन, निगम अध्यक्ष कलावती यादव और जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल वहां मौजूद थे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई।
कार्यालय चौराहा पर लगाया मंच
भाजपा के अनुसार, शाम 4 बजे शहर कांग्रेस कार्यालय का घेराव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के विरोध में किया गया था। भाजपा नेता और कार्यकर्ता चामुंडा माता मंदिर से रैली के रूप में कार्यालय चौराहा पहुंचे और एक मंच लगाया। मंच पर सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन, निगम अध्यक्ष कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल समेत कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
दोनों पक्षों में हुई जमकर नारेबाजी
इसी दौरान, कांग्रेस भी अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ पहले से ही इकट्ठा हो गई थी। कांग्रेस की ओर से विधायक महेश परमार, जिला अध्यक्ष मुकेश भाटी, पार्षद और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। दोनों पक्षों के नेता और कार्यकर्ताओं के बीच नारेबाजी शुरू हो गई और अभद्र टिप्पणियां भी सुनाई दीं। भाजपा नेताओं के हाथों में “राहुल गांधी माफी मांगो” लिखी तख्तियां थीं, जबकि कांग्रेस के नेताओं के हाथों में डॉ. भीमराव अंबेडकर और महात्मा गांधी की तस्वीरें थीं। इस दौरान जमकर धक्का-मुक्की हुई और पुलिस बैरिकेडिंग गिर गई।
ईंट का जवाब पत्थर से देंगे
भाजपा जिला अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माताजी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वालों के विरोध में था। वहीं कांग्रेस विधायक और जिला अध्यक्ष महेश परमार ने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास कर रही थी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता डटे रहे और भाजपा के दबाव में नहीं आए। उन्होंने भाजपा नेताओं पर गुंडागर्दी और वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा, “हम झुकने वाले नहीं हैं। ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।”
