भोपाल

MP: खंडवा नकली नोट कांड में मास्टरमाइंड सहित तीन की गिरफ्तारी, ट्रैवल एजेंसी की आड़ में चलता था फर्जी करेंसी का खेल

खंडवा के एक मदरसे में 20 लाख रुपये के नकली नोट मिलने के मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड डॉ. प्रतीक नवलखे समेत तीन आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार किया। आरोपी गोकुलधाम सोसाइटी में ट्रैवल एजेंसी की आड़ में नकली नोट छाप रहे थे।

Image

जब्त हुई नकली करेंसी

Photo : Times Now Digital

MP News: खंडवा के एक मदरसे में मिले 20 लाख रुपये के नकली नोटों के मामले में पुलिस ने मास्टरमाइंड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। खंडवा पुलिस ने इस केस में मास्टरमाइंड डॉ. प्रतीक नवलखे सहित तीन आरोपियों को भोपाल से पकड़ा। आरोपी भोपाल की गोकुलधाम सोसाइटी में एक ट्रैवल एजेंसी का सहारा लेकर नकली नोट छाप रहे थे।

इमाम की गिरफ्तारी के बाद थे फरार

पुलिस की कार्रवाई महाराष्ट्र में इमाम जुबैर की गिरफ्तारी के बाद तेज हुई थी। इमाम के पकड़े जाने के बाद ये तीनों आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उन्हें धर दबोचा।

ट्रैवल एजेंसी की आड़ में छाप रहे थे नकली नोट

एडिशनल एसपी महेंद्र तारणेकर ने बताया कि गोकुलधाम सोसाइटी के किराए के मकान से बड़ी मात्रा में नकली नोट, लैपटॉप, मोबाइल, स्कैनर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। पुलिस को वहां से 15 चेकबुक, 32 एटीएम व डेबिट कार्ड भी मिले, जिन्हें आरोपी फर्जी वित्तीय लेनदेन के लिए इस्तेमाल करते थे।

ये चीजें हुईं बरामद

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में सामान बरामद किया। मास्टरमाइंड डॉ. प्रतीक नवलखे के ठिकाने से 500 रुपये के 13 नकली नोट, 7 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 15 चेकबुक और 12 एटीएम/डेबिट कार्ड मिले। आरोपी गोपाल उर्फ राहुल से 500 रुपये के 6 नकली नोट, छपाई में काम आने वाली ड्रायर मशीन, 2 मोबाइल और 20 एटीएम/डेबिट कार्ड बरामद किए गए। वहीं धारणी निवासी आरोपी दिनेश गौर से 500 रुपये के 17 नकली नोट जब्त किए गए।

कोर्ट में पेश कर लिया गया रिमांड

तीनों आरोपियों को खंडवा कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने आगे की पूछताछ के लिए रिमांड हासिल कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह का नेटवर्क किन-किन राज्यों तक फैला है और नकली नोटों की सप्लाई चेन कितनी बड़ी थी।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!