Indore News: मध्यप्रदेश के इंदौर में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय बुधवार को एक दुर्घटना के दौरान बाल-बाल बच गए। कैलाश विजयवर्गीय राउ के विश्वकर्मा मंदिर गौशाला में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। जहां मंच का एक हिस्सा अचानक गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में उन्हें कोई चोट नहीं आई। इस हादसे में किसी और के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है।
इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कैलाश विजयवर्गीय मंच पर खड़े होकर लोगों से संवाद करते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान वे अपनी ओर से गौ सेवा के लिए सहयोग और सहायता राशि देने की बातें कर रहे थे। लेकिन मंच पर ज्यादा लोगों के होने की वजह से एक हिस्सा अचानक गिर पड़ा। इस हादसे की वजह से मंच पर खड़े हुए कुछ लोग भी गिर पड़े।
मंच पर ज्यादा लोग होने के कारण हादसा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय नेता चिंटू वर्मा इस घटना के वक्त विजयवर्गीय के पास खड़े थे। उन्होंने बताया कि यह घटना राऊ क्षेत्र की एक गोशाला में गो सेवा से जुड़े कार्यक्रम के दौरान हुई, जब करीब तीन फुट ऊंचे मंच का हिस्सा ज्यादा लोगों के चढ़ जाने से गिर गया। उन्होंने बताया, ‘‘विजयवर्गीय के जन्मदिन पर उनके समर्थकों ने यह कार्यक्रम आयोजित किया था। इसमें मंच का जो हिस्सा गिरा, उस पर विजयवर्गीय नहीं थे। विजयवर्गीय इसके पास वाले हिस्से पर खड़े होकर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।’’ वर्मा के मुताबिक मंच का हिस्सा गिरने से कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
(इनपुट - भाषा)
