Bhopal Ring Road Update: भोपाल के पश्चिमी बायपास का नया रूट तय हो गया है, जिससे अब इसके बनने का रास्ता भी साफ नजर आ रहा है। इसके पुराने रूट में एक मामूली बदलाव हुआ है। जिसके हिसाब से अब ये हाइवे 11 मील के पास प्रतापपुरा से शुरू होकर इंदौर रोड पर फंदा जोड़ से आधा किलोमीटर आगे मिलेगा। यह बायपास 6 लेन का बनेगा, जिससे भोपाल के चारों तरफ रिंग रोड बन जाएगा। पुराने फोरलेन पूर्वी बायपास को भी 6 लेन किया जाएगा।
भोपाल के चारों तरफ बन जाएगा रिंग रोड
हाल ही में भोपाल में पश्चिमी बायपास के नए रूट पर RDC की हाल ही में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बोर्ड मीटिंग में सहमति बन गई है। नए रूट के साथ पश्चिमी बायपास बनने से भोपाल के चारों तरफ रिंग रोड हो जाएगा। पश्चिमी बायपास के नए रूट में रातापानी टाइगर रिजर्व का महाबड़िया स्थित बफर क्षेत्र और समसगढ़ का शिवमंदिर बाहर होगा। पहले यह मंडीदीप के आगे इटायाकलां से शुरू होकर फंदा जोड़ तक जाना था। नए रूट में यह 11 मील प्रतापपुरा से शुरू होगा।
6 लेन का होगा पूर्वी बायपास
शहर के 52 किमी लंबे फोर लेन पूर्वी बायपास को भी 6 सिक्स लेन किया जा रहा है। भानपुर और भौंरी के आरओबी को 8 लेन का बनाया जाएगा। पूर्वी बायपास पर रोजाना 21,115 वाहन गुजरते हैं और इसे अगले 20 वर्षों के यातायात अनुमान के आधार पर चौड़ा किया जाएगा। टोल प्लाजा से प्रतिदिन लगभग 15 लाख रुपए की आय होती है। मध्य प्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (RDC) इस परियोजना को पूरा करेगा, जिसकी कुल लागत लगभग 7000 करोड़ रुपए होगी।
इंदौर जाने का समय होगा कम
भोपाल-देवास रोड पर भी 6 लेन बनेंगे, जिसमें तीन नए 8 लेन के फ्लाईओवर और दो बायपास शामिल हैं। कुबेरेश्वर धाम, कोलूखेड़ी और खजूरी सड़क पर फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इस परियोजना से भोपाल से इंदौर की यात्रा में लगभग आधा घंटा की बचत होगी। यदि भोपाल-देवास को 6 लेन करना है तो टोल को एग्रीमेंट की शर्तों के मुताबिक खत्म करना होगा। इनसे रोज 70 लाख टोल टैक्स मिलता है। इस पर अभी फैसला नहीं हुआ है।
