भोपाल

'हैट्रिक' लगाकर डिप्टी कलेक्टर बनी प्रियल, 11वीं क्लास में फेल हो गई थी किसान की बेटी

आपने 12वीं फेल फिल्म देखी होगी, कैसे एक व्यक्ति 12वीं में फेल होने के बाद अपनी मेहनत के दम पर देश का सबसे कठिन एग्जाम पास करके IPS बन जाता है। प्रियल यादव की कहानी भी ऐसी ही है, वह 11वीं में फेल हो गई थीं, लेकिन तीन बार MP SSE का एग्जाम पास करके डिप्टी कलेक्टर चुनी गई हैं।

Image

प्रियल यादव

Photo : Twitter

इंदौर : प्रियल यादव ने मध्य प्रदेश राज्य सेवा परीक्षा 2021 (Madhya Pradesh State Service Exam 2021) की मेरिट लिस्ट में छठा स्थान हासिल किया और उप-जिला अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) चुनी गई हैं। प्रियल के जीवन के संघर्ष की कहानी आज की युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हो सकती है।

प्रियल यादव 11वीं में एक बार फेल हो गई थीं, लेकिन इस नाकामी से मायूस होने के बजाय उन्होंने पढ़ाई में कड़ी मेहनत का रास्ता चुना, जिसके बूते वह राज्य सेवा परीक्षा में लगातार तीसरी बार चुनी गई हैं।

प्रियल यादव (27) ने शुक्रवार को न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘मैं 10वीं तक की परीक्षाओं में अपनी कक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करती रही, लेकिन रिश्तेदारों के दबाव के चलते मैंने 11वीं में भौतिकी (Physics), रसायन शास्त्र (Chemistry) और गणित (Maths) संकाय चुन लिया था, जबकि ये विषय पढ़ने में मेरी जरा भी रुचि नहीं थी। इस कारण मैं 11वीं की परीक्षा में भौतिकी यानी फीजिक्स में फेल हो गई।’ यह पढ़ाई के दौरान उनकी 'जिंदगी की पहली और आखिरी नाकामी' थी।

प्रियल यादव ने बताया कि वह राज्य सेवा परीक्षा 2019 में 19वां स्थान हासिल करके जिला पंजीयक (District Registrar) के पद पर चुनी गई थीं। उन्होंने बताया कि राज्य सेवा परीक्षा 2020 में उन्होंने 34वां स्थान प्राप्त किया था और सहकारिता विभाग में सहायक आयुक्त (Assistant Commissioner) के पद पर उनका चयन हुआ था।

प्रियल फिलहाल इंदौर में डिस्ट्रिक्ट रजिस्ट्रार के रूप में पदस्थ हैं और उनकी आंखों में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में आने का सपना है। उन्होंने कहा कि वह राज्य में डिप्टी कलेक्टर के रूप में काम करते हुए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा की तैयारी करना चाहती हैं।

सूबे के हरदा जिले की रहने वाली प्रियल यादव ने बताया कि उनके पिता खेती-किसानी करते हैं और मां गृहिणी हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं ग्रामीण इलाके की रहने वाली हूं, जहां लड़कियों की शादी बहुत जल्दी हो जाती है, लेकिन मेरे माता-पिता ने मुझ पर जल्दी शादी करने का दबाव नहीं बनाया और मुझे पढ़ने की पूरी आजादी दी।’

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) ने 2021 की राज्य सेवा परीक्षा का परिणाम गुरुवार शाम घोषित किया। एमपीपीएससी के एक अधिकारी ने बताया कि इस परीक्षा में डिप्टी कलेक्टर के पदों पर चयनित शीर्ष 10 उम्मीदवारों में क्रमश: अंकिता पाटकर, अमित कुमार सोनी, पूजा चौहान, मनीषा जैन, प्रियांक मिश्रा, प्रियल यादव, आशिमा पटेल, रितु चौरसिया, सृजन श्रीवास्तव और ज्योति राजोरे शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि राज्य सेवा परीक्षा 2021 के तहत 290 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन सरकारी नौकरियों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिशत आरक्षण दिए जाने का मुकदमा मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में लम्बित होने के कारण फिलहाल इनमें से 87 प्रतिशत पदों का चयन परिणाम घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि शेष 13 प्रतिशत पदों की चयन सूची इस मुकदमे में अदालत के अंतिम फैसले के बाद घोषित की जाएगी।

- भाषा

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!