भोपाल

इंदौर में रफ्तार भरेगी मेट्रो, 31 मई को PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी; दतिया और सतना एयरपोर्ट का भी करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को इंदौर मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही दतिया और सतना एयरपोर्ट का भी उद्घाटन करेंगे। पीएम मोदी 31 मई को देवी अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर भोपाल दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान इन परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

Image

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

PM Modi Bhopal Visit: इंदौरवासियों का मेट्रो को लेकर इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। इंदौर में मेट्रो रफ्तार भरने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को इसका उद्घाटन करेंगे। मध्यप्रदेश सरकार के एक काबीना मंत्री ने मंगलवार को बताया कि पीएम मोदी 31 मई के अपने भोपाल दौरे के तहत इंदौर की मेट्रो रेल परियोजना के साथ ही दतिया और सतना एयरपोर्ट का लोकार्पण करेंगे।

पीएम मोदी का भोपाल दौरा

सूबे के संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया,‘‘प्रधानमंत्री मोदी 31 मई को देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर भोपाल में आयोजित महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम और महिला सम्मेलन में भाग लेंगे। वह इस दौरान दो लाख महिलाओं को संबोधित करेंगे।’’ उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के दौरान इंदौर की मेट्रो रेल परियोजना और दतिया व सतना के हवाई अड्डों का वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये लोकार्पण भी करेंगे।

इंदौर में कहां से कहां तक चलेगी मेट्रो?

अधिकारियों ने बताया कि इंदौर में पहले चरण के दौरान गांधी नगर स्टेशन से सुपर कॉरिडोर के स्टेशन संख्या-तीन के बीच 5.90 किलोमीटर के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले गलियारे पर मेट्रो रेल चलाई जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक, इंदौर में 7,500.80 करोड़ रुपये की कुल लागत वाली मेट्रो रेल परियोजना के पहले चरण की नींव 14 सितंबर 2019 को रखी गई थी। इसके तहत शहर में करीब 31.50 किलोमीटर लम्बा मेट्रो रेल गलियारा बनाया जाना है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article