पटना

स्कूल पहुंची बालिका वधु... रूढ़ियों को तोड़कर सास ने खुद कराया एडमिशन, कहा- पढ़ी लिखी बनेगी मेरी बहु

सुपौल के छातापुर के कटहरा पंचायत में एक सास ने अपनी नाबालिग बहु का स्कूल में एडमिशन कराया। सास ने बाल विवाह के एक हफ्ते में ही बहु का 9वीं कक्षा में दाखिला करा दिया। जिसका वीडियो स्कूल की एक टीचर ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। सास ने वीडियो में कहा कि उनका सपना है कि बहु पढ़ाई पूरी कर एक सक्षम इंसान बनें।

Image

नाबालिग बहु को एडमिशन दिलाने स्कूल पहुंची सास (AI Image)

बिहार के सुपौल में बाल विवाह से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। जहां एक सास अपनी नाबालिग बहु को स्कूल में एडमिशन दिलाने के लिए पहुंची। सास ने शिक्षा के महत्व को समझते हुए अपनी बहु का 9वीं क्लास में एडमिशन कराया। इस दौरान स्कूल की एक टीचर स्मिता ठाकुर ने घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ है।

शादी के एक सप्ताह में ही भेजा स्कूल

यह मामला सुपौल जिले के छातापुर के कटहरा पंचायत का है। जहां एक सास अपनी नाबालिग बहु को शादी के कुछ दिनों बाद ही स्कूल में लेकर पहुंच गई। सास ने बताया कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा बहुत जरूरी है, इसलिए उन्होंने शादी के एक सप्ताह में ही अपनी बहु का एडमिशन मध्य विद्यालय कटहरा में कक्षा 9वीं में कराया। उन्होंने बताया कि बहु की शिक्षा को लेकर समाज में लोग तरह-तरह की बातें करते हैं। लेकिन उन्होंने लोगों की बातों को नजरअंदाज कर बहु को स्कूल भेजने का फैसला किया।

सास का सपना- बहु बाल विवाह के खिलाफ बने मिसाल

सास ने बताया कि उनका सपना है कि उनकी बहु अपनी पढ़ाई को पूरा करे और एक सक्षम इंसान बनकर भविष्य में बाल विवाह के खिलाफ एक मिसाल कायम करे। उन्होंने बताया कि यह बाल विवाह पहले से तय था। लेकिन बहु के माता-पिता शिक्षा को लेकर जागरुक नहीं थे। वहीं टीचर स्मिता ठाकुर ने पंचायत के सरपंच को पत्र लिखकर इस मुहिम में सहयोग की मांग की। स्मिता सिंह बाल विवाह को रोकने और लोगों को शिक्षा का महत्व समझाने के लिए अभियान भी चला रही हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article