भोपाल

PM मोदी का मध्य प्रदेश दौरा, बोले- अगले दो दिन राज्य के विकास को समर्पित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी की शाम को भोपाल स्थित राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन, 24 फरवरी को वे मध्य प्रदेश में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का उद्घाटन करेंगे।

Image

पीएम मोदी और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव (फाइल फोटो)

Photo : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं में हिस्सा लेंगे और व्यापार शिखर सम्मेलन का उद्घाटन भी करेंगे। रविवार को वे मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले का दौरा करेंगे और दोपहर करीब 2 बजे बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखेंगे।

पीएम मोदी ने किया ट्वीट

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "अगले दो दिन मध्य प्रदेश के विकास को समर्पित रहेंगे। इसी कड़ी में कल दोपहर 2 बजे छतरपुर में बागेश्वर धाम मेडिकल एंड साइंस रिसर्च इंस्टीट्यूट की आधारशिला रखूंगा। वहीं 24 फरवरी को भोपाल में सुबह करीब 10 बजे ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का भी शुभारंभ करूंगा।"

बागेश्वर धाम जाएंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने मध्य प्रदेश दौरे के पहले दिन 23 फरवरी को छतरपुर जिले में स्थित बागेश्वर धाम पहुंचेंगे, जहां वे श्री बागेश्वर धाम मेडिकल साइंस एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (कैंसर अस्पताल) का भूमिपूजन करेंगे। यह अस्पताल राज्य में कैंसर के इलाज की सुविधा को बेहतर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को विस्तार मिलेगा और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए स्थानीय लोगों को एक विश्वस्तरीय संस्थान की सुविधा मिलेगी। इस अस्पताल की स्थापना से न केवल मध्य प्रदेश, बल्कि आसपास के राज्यों के लोगों को भी लाभ होगा।

फिर जाएंगे भोपाल

इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी शाम को भोपाल लौटकर कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय सभागार में भाजपा पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों के साथ संवाद करेंगे। इस बैठक में वे पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 फरवरी की शाम को भोपाल स्थित राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन, 24 फरवरी को वे मध्य प्रदेश में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट (जीआईएस) का उद्घाटन करेंगे। इस समिट में देश-विदेश के प्रमुख उद्योगपति और निवेशक शामिल होंगे और पीएम मोदी उद्योगपतियों से संवाद करेंगे। समिट का उद्देश्य मध्य प्रदेश में निवेश आकर्षित करना और राज्य की आर्थिक विकास की गति को तेज करना है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी लगभग डेढ़ घंटे रहेंगे, जहां वे प्रदेश में व्यापार और निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article