दुनिया

मॉरीशस के नेशनल डे समारोह में मुख्य अतिथि होंगे पीएम मोदी, प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने की घोषणा

पीएम मोदी अगले महीने मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके लिए उन्होंने मॉरीशस के निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।

Image

मॉरीशस जाएंगे पीएम मोदी

Photo : PTI

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले महीने मॉरीशस जाएंगे। जहां वो मॉरीशस के नेशनल डे समारोह में चीफ गेस्ट के तौर पर शामिल होंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम ने इसकी घोषणा की। रामगुलाम ने इसे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ द्विपक्षीय संबंधों का प्रमाण बताया।

संसद में मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने की घोषणा

मॉरीशस के प्रधानमंत्री रामगुलाम ने ‘नेशनल असेंबली’ को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे देश के लिए वास्तव में एक विशेष सम्मान की बात है कि (प्रधानमंत्री मोदी के) इतने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद हमें ऐसे प्रतिष्ठित व्यक्तित्व की मेजबानी करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने भारतीय नेता के व्यस्त कार्यक्रम का जिक्र करने के लिए मोदी की हाल की पेरिस और अमेरिका यात्राओं का भी उल्लेख किया। रामगुलाम ने कहा- ‘‘प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा हमारे दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों का प्रमाण है।’’

पीएम मोदी ने चीफ गेस्ट के लिए जताई सहमति

पीएम रामगुलाम ने कहा, ‘‘मुझे हमारे देश की स्वतंत्रता की 57वीं वर्षगांठ के समारोह के संदर्भ में सदन को यह सूचित करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि मेरे निमंत्रण पर भारत के प्रधानमंत्री महामहिम नरेन्द्र मोदी ने हमारे राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने पर सहमति व्यक्त की है।’’

12 मार्च को मॉरीशस का राष्ट्रीय दिवस

हर साल 12 मार्च को मॉरीशस अपना राष्ट्रीय दिवस मनाता है। इसे 12 मार्च, 1968 को ब्रिटिश शासन से आजादी मिली थी। मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में पिछले साल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article