भोपाल

MP: अनजाने में IAF के विमान से गिरी भारी वस्तु; मकान में 8-10 फुट गहरा हो गया गड्ढा; जांच के आदेश

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर कस्बे में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के एक विमान से गिरी धातु की भारी वस्तु से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। वायुसेना ने शिवपुरी के पास जमीन पर संपत्ति को हुए नुकसान पर खेद जताया और कहा कि इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Image

भारतीय वायुसेना विमान (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : IANS

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर कस्बे में शुक्रवार को भारतीय वायुसेना के एक विमान से गिरी धातु की भारी वस्तु से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। भारतीय वायुसेना ने बताया कि उसने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वायुसेना का बयान आया सामने

वायुसेना ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ''आईएएफ को शिवपुरी के पास जमीन पर संपत्ति को हुए नुकसान पर खेद है। आज एक गैर-विस्फोटक ‘एरियल स्टोर’ को अनजाने में उसके विमान से गिरा दिया गया था। इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है।''

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पूर्वाह्न करीब 11 बजे मनोज सागर नाम के एक व्यक्ति के मकान की छत पर एक अज्ञात भारी वस्तु आ गिरी। अधिकारियों के मुताबिक, मकान के दो कमरे पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए और मलबा पास में खड़ी कार पर गिर गया। उन्होंने बताया कि पेशे से शिक्षक सागर अपने बच्चों के साथ घर के अंदर खाना खा रहे थे और उनकी पत्नी रसोई में थीं कि तभी तेज धमाके के साथ छत टूट गयी और आंगन में आठ से 10 फुट गहरा गड्ढा हो गया।

पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की

अधिकारियों ने बताया कि तेज धमाके के कारण आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की। शिवपुरी जिले के पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में बताया, ''वायुसेना के जेट से धातु की भारी वस्तु मनोज सागर के मकान पर गिरी, जिससे दो कमरे क्षतिग्रस्त हो गए। घर में चार सदस्य थे और सभी सुरक्षित हैं''

पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर हैं। उन्होंने बताया कि घटना की जांच वायुसेना और अन्य एजेंसियों के साथ की जा रही है। हालांकि, पुलिस के अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत शर्मा ने वायुसेना के बयान से पहले बताया था कि वस्तु कहां से आई, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। उन्होंने बताया कि वस्तु 'बेहद ठोस' लग रही है और इस पर जले के निशान हैं। शर्मा ने बताया था कि ग्वालियर वायुसेना ठिकाने से संपर्क किया गया है और वहां से विशेषज्ञों की टीम आने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि यह वस्तु क्या है और कहां से गिरी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article