मुंबई

आतंकियों से बंदूक छीनने वाले आदिल के परिजनों की मदद के लिए आगे आए एकनाथ शिंदे; 5 लाख रुपये का सौंपा चेक

Pahalgam Terror Attack: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आतंकवादी हमले में पर्यटकों की जान बचाने का प्रयास करने वाले सैयद आदिल हुसैन शाह के परिवार को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। बता दें कि 20 वर्षीय आदिल शाह ने उसके घोड़े पर यात्रा कर रहे एक पर्यटक को बचाने की कोशिश की और यहां तक ​​कि एक आतंकवादी से उसकी राइफल छीनने का भी प्रयास किया।

Image

आतंकी हमले में सैयद आदिल हुसैन शाह ने गंवाई जान

Photo : AP

Pahalgam Terror Attack: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) ने आतंकवादी हमले में पर्यटकों की जान बचाने का प्रयास करने वाले सैयद आदिल हुसैन शाह के परिवार को पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।

खच्चर सेवा मुहैया कराने वाले आदिल शाह ने पहलगाम आतंकवादी हमले के दौरान पर्यटकों को बचाते हुए अपनी जान दे दी। वह अपने परिवार में कमाने वाले एकमात्र सदस्य थे। आदिल शाह दक्षिण कश्मीर के पहलगाम के बैसरन में पर्यटकों को खच्चर की सवारी कराकर अपनी आजीविका चलाते थे, जहां 22 अप्रैल को आतंकवादियों ने 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।

खबरों के मुताबिक, 20 वर्षीय आदिल शाह ने उसके घोड़े पर यात्रा कर रहे एक पर्यटक को बचाने की कोशिश की और यहां तक कि एक आतंकवादी से उसकी राइफल छीनने का भी प्रयास किया।

शिंदे के ठाणे स्थित कार्यालय से जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री ने आदिल शाह के साहसिक कार्य से प्रभावित होकर उनके परिवार को व्यक्तिगत रूप से सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया। शिंदे महाराष्ट्र के फंसे हुए पर्यटकों की सहायता के लिए 23 अप्रैल को श्रीनगर में थे।

पांच लाख का सौंपा गया चेक

विज्ञप्ति में कहा गया है कि शिंदे की अध्यक्षता वाले शिवसेना के कार्यकर्ताओं और सीमा संगठन के अधिकारियों ने शाह परिवार को पांच लाख रुपये का चेक सौंपा। उपमुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिए शाह के परिवार से भी बात की और संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा उन्हें सांत्वना दी। बातचीत के दौरान उनके शाह के भाई ने हमले की भयावहता साझा की और पर्यटकों को बचाने के लिए युवक द्वारा किए गए साहसिक कार्यों की जानकारी दी।

शिंदे ने शाह के अदम्य साहस और मानवता की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसका यह कदम दुनिया के लिए एक अनूठा उदाहरण है। उन्होंने परिवार को आश्वासन दिया कि उनके बेटे का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। विज्ञप्ति के मुताबिक, शिंदे ने शाह के जीर्ण-शीर्ण घर के पुनर्निर्माण में मदद कर परिवार को आगे भी सहयोग देने की प्रतिबद्धता जताई।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article