MP Rise 2025 Conclave: मध्य प्रदेश के रतलाम में आज शुक्रवार 27 जून को एमपी राइज 2025 कॉन्क्लेव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में उद्योग, कौशल और रोजगार को बढ़ावा देना है। इस कॉन्क्लेव का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे। साथ ही कॉन्क्लेव में लगाई जा रही प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। यह कॉन्क्लवे एमपी में रोजगार बढ़ाने, नए व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में एक अहम कदम होगा, जो प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प को पूरा करने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री कई जिलों में नई फैक्ट्रियों की नींव भी रखेंगे और उद्घाटन भी करेंगे।
एमपी राइज 2025 कॉन्क्लेव की थीम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस कार्यक्रम में रीवा, सागर, अलीराजपुर और पीथमपुर में रोजगारमूलक औद्योगिक इकाइयों का भूमि पूजन और लोकार्पण भी करेंगे। एमपी राइज 2025 कॉन्क्लेव की थीम "सफल उद्यमी, समृद्ध उद्योग, समावेशी विकास है।"इसमें एमएसएमई विभाग और तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास व रोजगार विभाग की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इस कार्यक्रम का आयोजन औद्योगिक नीति और निवेश प्रोत्साहन विभाग कर रहा है। इस कार्यक्रम में सीएम युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर देंगे और उद्योगपतियों को निवेश परियोजनाओं के आशय पत्र भी वितरित करेंगे।
5,450 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद
इस कॉन्क्लेव के दौरान 243 करोड़ रुपये की लागत के 16 नए औद्योगिक क्षेत्रों का भूमि पूजन किया जाएगा। इसके अलावा 11 राज्य क्लस्टर्स का लोकार्पण भी होगा। साथ ही दो लाख से अधिक लाभार्थियों को 2400 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस कार्यक्रम में एमएसएमई विभाग वॉलमार्ट और ओएनडीसी के साथ समझौते करेगा। साथ ही 2,850 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के आशय पत्र जारी किए जाएंगे। जिससे करीब 5,450 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
25000 प्रतिभागी होंगे शामिल
इस कॉन्क्लेव में करीब 2500 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें एमएसएमई उद्यमी, बैंक प्रतिनिधि, प्रशिक्षित युवा और निवेशक शामिल होंगे। कॉन्क्लेव में प्रदर्शनी में 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इस कॉन्क्लेव में तीन खास सत्र आयोजित किए जाएंगे। जिनमें निवेश नीति, ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास पर चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन यादव इसमें विशेष संबोधन देंगे और निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे।एमपी राइज 2025 कार्यक्रम का महत्व
“एमपी राइज 2025” कार्यक्रम प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे युवाओं को रोजगार मिलने के साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे। साथ ही निवेशकों के लिए भी नए रास्ते खुलेंगे। यह कार्यक्रम राज्य के विकास को एक नई रफ्तार देगा।
