मध्य प्रदेश सरकार ने मंगलवार रात पुलिस प्रशासन में फेरबदल किया गया है। यहां चार आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग में बदलाव किया है। इसमें सीनियर आईएएस अनिल सुचारी और राजस्व मंडल सदस्य संजीव कुमार झा समेत सुखवीर सिंह और अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई शामिल हैं। बता दें कि सीनियर आईएएस अनिल सुचारी और राजस्व मंडल सदस्य संजीव कुमार झा के पद को लेकर भारतीय निर्वाचन आयोग द्वारा सहमिती पिछले महीने ही दे दी गई थी। लेकिन सरकार द्वारा ट्रांसफर के आदेश अब जारी किए गए हैं। आइए अब आपको बताएं किस आईएएस अधिकारी को मिला कौन सा पद।
चार IAS अधिकारियों का हुआ तबादला
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संजीव कुमार झा को नए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया है। सुखवीर सिंह के जॉइन करने के बाद, ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को लोक निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया जाएगा। सीनियर आईएएस अनिल सुचारी को सागर संभागायुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है, जो कि 30 जून को खाली हुआ था।
सुचारी पहले सचिव सामान्य प्रशासन विभाग के रूप में कार्यरत थे। रघुराज एमआर को श्रम विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि उन्हें तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास व रोजगार विभाग का सचिव भी बनाया गया है। मध्य प्रदेश मानव अधिकार आयोग के प्रमुख सचिव मुकेश चंद्र गुप्ता को राजस्व मंडल सदस्य का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा, विवेक पोरवाल को प्रमुख सचिव तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। प्रमुख सचिव खनिज साधन उमाकांत उमराव, रघुराज एमआर के जॉइन करने के बाद श्रम विभाग के दायित्व से मुक्त होंगे, लेकिन उनके पास पशुपालन और डेयरी विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा।
