भोपाल : राजधानी भोपाल में अब मरीजों को कम दरों पर अत्याधुनिक सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 25 जुलाई को गांधी मेडिकल कॉलेज में 80 रो डिटेक्टर और 128 स्लाइस वाली मॉडर्न सीटी स्कैन मशीन और 1.5 टेसला एमआरआई मशीन का उद्घाटन किया। यह सुविधा प्रदेश के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों में सबसे पहले भोपाल में शुरू की जा रही है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी उपस्थित थे।
मरीजों को मुफ्त सीटी स्कैन
दैनिक भास्कर के मुताबिक, इन मशीनों के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना और अन्य सरकारी योजनाओं के तहत आने वाले मरीजों को मुफ्त सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा मिलेगी, जिससे उन्हें निजी सेंटर्स पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इसके अलावा, इन मशीनों की स्थापना से यूजी, पीजी और पैरामेडिकल छात्रों को बेहतर प्रशिक्षण और रिसर्च के अवसर मिलेंगे। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित रिसर्च भी इन मशीनों पर किया जा सकेगा।
यह पहल नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) के नए नियमों के तहत की गई है, जिसके अनुसार सभी मेडिकल कॉलेजों में आधुनिक जांच सुविधाएं अस्पताल के अपने संचालन में होनी चाहिए। इससे पहले, हमीदिया अस्पताल में ये जांचें आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से की जा रही थीं। नई मशीनों के आने से हमीदिया अस्पताल की नैदानिक क्षमता बढ़ेगी और मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली जांच सेवाएं आसानी से उपलब्ध होंगी।
