भोपाल

Satna News: मध्य प्रदेश में पुलिस पर एक बार फिर हमला, थाने में घुसकर नकाबपोश ने मारी गोली

मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक नकाबपोश अज्ञात ने थाना परिसर में ही पुलिसकर्मी पर गोली चला दी। पीड़ित कॉन्सटेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली मारने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

Image

बेखौफ अपराधी ने पुलिसकर्मी को मारी गोली

Photo : Times Now Digital

Satna: मध्य प्रदेश के सतना जिले के पुलिस थाना परिसर में एक अज्ञात व्यक्ति ने पुलिसकर्मी को गोली मारकर घायल कर दिया। मंगलवार को एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना जैतवारा पुलिस थाना परिसर में आधी रात के आसपास हुई। मार्च में रीवा जिले से भी पुलिस की टीम पर हमले की खबर आई थी। जिसमें एक ASI की मौत हो गई थी।

क्या है पूरा मामला

सोमवार की देर रात सतना जिले के जैतवारा थाना में गोली बारी की घटना हो गई। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आशुतोष गुप्ता ने बताया कि प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग पुलिस थाने की बैरक में खाना खाने की तैयारी कर रहे थे, तभी उन्होंने शोर सुना और बाहर निकल आए। उसी दौरान एक नकाबपोश व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी।

उन्होंने बताया कि पुलिसकर्मी के कंधे के पास गोली लगी है और हमलावर मौके से भाग गया।

शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) महेंद्र सिंह ने बताया कि प्रधान आरक्षक की हालत स्थिर है और उन्हें इलाज के लिए रीवा के मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है।

आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने दल गठित किए गए हैं और उसकी तलाश जारी है।

पहले भी हो चुका है पुलिस पर हमला

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश में अपराधियों का पुलिस पर हमला करने की घटना नई नहीं है। पिछले महीने की रीवा के मऊगंज में पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला हो गया था। बंधक को छुड़ाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया था। इस हिंसा में ASI रामचरण गौतम की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

(इनपुट-भाषा)

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article