भोपाल

डायरेक्ट इन शहरों के लिए मिलेगा हेलीकॉप्टर, MP से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ

मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का संचालन गुरुवार, 20 नवंबर से विधिवत शुरू हो गया है। हेलीकाप्टर ने पहले दिन भोपाल से मढ़ई और मढ़ई से पचमढ़ी के लिए उड़ान भरी। इंदौर से उज्जैन एवं ओंकारेश्वर और जबलपुर से कान्हा तथा बांधवगढ़ के बीच हेली सेवा संचालित हुई, जिसका जनप्रतिनिधियों और महंतों ने आनंद लिया।

Image

एमपी में पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ का शुभारंभ

भोपाल : मध्य प्रदेश में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए पीएम श्री हवाई सेवा का जबलपुर के भेड़ाघाट से शुभारंभ हुआ। जबलपुर से कान्हा, बांधवगढ़ और पेंच नेशनल पार्क अमरकंटक के लिए और इसके साथ ही मैहर पवित्र नगरी के लिए अब हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध करा दी गई है। इस हेलीकॉप्टर के माध्यम से पर्यटक इन स्थलों का भ्रमण कर वापस जबलपुर आ सकेंगे। इस दौरान मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि जबलपुर महाकौशल का केंद्र है और यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि इस नई हेलीकॉप्टर सेवा से न सिर्फ पर्यटकों को सुविधा मिलेगी बल्कि रोजगार और स्थानीय व्यवसाय को भी फायदा होगा। अब पर्यटक कम समय में ज्यादा से ज्यादा जगहों का भ्रमण कर पाएंगे। इससे पर्यटन उद्योग को बहुत मजबूती मिलेगी।

बरगी के विधायक नीरज सिंह ने भी इस नई सेवा को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह मध्य प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन है। हमारे राज्य में पर्यटन की संभावनाएं बहुत बड़ी हैं। चाहे वाइल्डलाइफ टूरिज्म हो, धार्मिक पर्यटन हो या स्पिरिचुअल टूरिज्म, सभी क्षेत्र इससे फायदा उठाएंगे। जब सारे टूरिस्ट स्पॉट्स आपस में अच्छे से जुड़े होंगे, तो इससे प्रदेश का पर्यटन और भी बढ़ेगा।

पर्यटन विभाग में क्षेत्रीय प्रबंधक संदीप मल्होत्रा ने बताया कि ये पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा आज से चालू हो गई है। शुरुआत में सप्ताह में पांच दिन ये सेवा चलेगी और आज पहले चार पर्यटक इसकी सुविधा का लाभ उठा रहे हैं।

इन खूबसूरत जगहों का ले सकते हैं नजारा

उन्होंने कहा कि अब पर्यटक आसमान से जबलपुर, कान्हा और बांधवगढ़ का शानदार नजारा देख सकते हैं और जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं। इससे न सिर्फ पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय व्यवसाय और होटल इंडस्ट्री को भी फायदा मिलेगा।

इस नई सेवा से पर्यटकों को समय की बचत होगी। पहले लोग सड़क मार्ग से लंबा सफर करके इन जगहों तक पहुंचते थे, लेकिन अब हेलीकॉप्टर से बहुत जल्दी और आराम से जाना संभव होगा। इससे उन पर्यटकों के लिए सुविधा होगी जो कम समय में ज्यादा जगह देखना चाहते हैं। साथ ही, यह सेवा प्रदेश की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को भी प्रमोट करने में मदद करेगी।

जबलपुर से लगभग चार-पांच नेशनल पार्क्स और धार्मिक स्थलों की अच्छी कनेक्टिविटी के कारण अब पर्यटक आसानी से इन्हें देख सकते हैं। भेड़ाघाट से शुरू हुई यह सेवा न केवल पर्यटन के लिए महत्वपूर्ण है बल्कि रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद साबित होगी। पीएम मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की पहल और विजन के तहत ये सेवा शुरू हुई है, जिससे मध्य प्रदेश के पर्यटन उद्योग को नई दिशा मिलेगी।

सेक्टरवार प्रमुख सुविधाएं

धार्मिक सेक्टर : इंदौर–उज्जैन 20 मिनट में, उज्जैन–ओंकारेश्वर 40 मिनट में, ओंकारेश्वर–इंदौर 25 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। इको टूरिज्म सेक्टर : भोपाल–मढ़ई–पचमढ़ी तक तेज कनेक्टिविटी। भोपाल–मढ़ई 40 मिनट में, मढ़ई–पचमढ़ी 20 मिनट में और सीधी उड़ान: भोपाल–पचमढ़ी 60 मिनट में होगी पूरी। वाइल्डलाइफ़ सेक्टर : जबलपुर–मैहर 60 मिनट में, मैहर–चित्रकूट 30 मिनट में, चित्रकूट–मैहर 30 मिनट में, जबलपुर–बांधवगढ़ 45 मिनट में और जबलपुर–अमरकंटक 60 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।

ऐसे करें आसान बुकिंग

पर्यटक www.flyola.in, https://air.irctc.co.in/flyola और https://transbharat.in/ पर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article