भोपाल

22 जोड़ों संग सीएम मोहन यादव के बेटे का विवाह संपन्न, दिग्गजों की मौजूदगी में हुआ भव्य आयोजन

उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन ने भव्यता और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। इस आयोजन में 22 जोड़ों ने वैदिक रीति–रिवाजों के साथ विवाह संस्कार संपन्न किए, जिसमें मुख्यमंत्री के पुत्र का विवाह भी शामिल रहा। समारोह ने सादगी, समानता और सामाजिक सद्भाव का प्रेरक संदेश पूरे प्रदेश में फैलाया।

Image

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे की शादी उज्जैन में संपन्न

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

CM Mohan Yadav Son Wedding: उज्जैन में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल पर आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन का शुभारंभ अत्यंत भव्य और आध्यात्मिक वातावरण में हुआ। इस विशिष्ट आयोजन में 22 जोड़ों ने एक ही मंच पर विवाह के पवित्र बंधन में बंधने की तैयारी की। कार्यक्रम की खास बात रही कि मुख्यमंत्री के पुत्र डॉ. अभिमन्यु यादव और डॉ. इशिता ने भी इसी सामूहिक मंच पर विवाह संस्कार संपन्न किए, जिससे इस आयोजन का सामाजिक संदेश और अधिक मजबूत हो गया। मंच पर राज्यपाल मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, योग गुरु स्वामी रामदेव, बागेश्वर धाम तथा अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवींद्र पुरी महाराज समेत कई संत–महात्मा, मंत्री और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने नवविवाहितों को आशीर्वाद देकर इस प्रेरणादायक पहल की प्रशंसा की।

वैदिक मंत्रों की गूंज

समारोह में शामिल 22 जोड़ों में विभिन्न समुदायों और वर्गों के नवविवाहित शामिल थे, जिससे यह आयोजन सामाजिक एकता और सौहार्द का उत्कृष्ट प्रतीक बना। मंच पर जहां वैदिक मंत्रों की गूंज माहौल को पवित्र बना रही थी, वहीं संत समाज और विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी ने पूरे कार्यक्रम को और अधिक आध्यात्मिक स्वरूप दिया। शीघ्र ही सभी 22 जोड़े वैदिक रीति–रिवाजों के साथ अपने फेरे पूर्ण किए। लगातार पहुंच रहे संतों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति समारोह की गरिमा को और बढ़ा रही है।

सामाजिक सद्भाव और सरलता का संदेश

मुख्यमंत्री के पुत्र का विवाह भी इसी सामूहिक मंच पर कराए जाने से सादगी, समानता और सामाजिक सद्भाव का सशक्त संदेश पूरे प्रदेश में गया है। उज्जैन का यह सामूहिक विवाह समारोह धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का जीवंत प्रतीक बनने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और सरलता का प्रेरक उदाहरण भी साबित हो रहा है। कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रत्येक नवदंपति के पास पहुंचकर उनके वैवाहिक जीवन की सुखद शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं, आशीर्वाद प्रदान किया और नए जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article