भोपाल

कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में चला बिहार वाला दांव, खड़गे बोले- कमल भाजपा का, लेकिन नाथ हमारे

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 22, 2023, 06:12 PM IST

Madhya Pradesh Assembly Election 2023: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी। उन्होंने सरकार पर भी हमला बोला। कहा, मध्य प्रदेश हर मामले में पिछड़ा हुआ है और यहां जो सरकार है, वह विधायकों की चोरी करके बनाई गई है।

Image

मध्य प्रदेश के सागर जिले में कांग्रेस अध्यक्ष ने जनसभा को किया संबोधित।

Photo : Twitter

Madhya Pradesh Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश में इसी साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। चुनाव की तैयारी के लिए भाजपा और कांग्रेस ने कमर कस ली है और एक-दूसरे पर हमले भी तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के सागर में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कई बड़ी घोषणाएं करते हुए भाजपा सरकार पर जोरदार हमला बोला।

वोटरों को लुभाने के लिए खड़गे ने मध्य प्रदेश में बिहार वाला दांव भी चला। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने वादा किया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर जातीय जनगणना कराई जाएगी। ऐसा करने से यह पता चल सकेगा, कौन-कौन पिछड़े और गरीब हैं, कितने लोग भूमिहीन हैं और उनका विकास कैसे किया जाए।

भाजपा पर बोला चौतरफा हमला

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर चौतरफा हमला भी बोला। उन्होंने कहा, चुनाव आए हैं, इसलिए भाजपा को संत रविदास याद आए। सागर में बनाए जा रहे 100 करोड़ के संत रविदास मंदिर का जिक्र करते हुए खड़गे ने कहा कि चुनाव है, इसलिए भाजपा को संत रविदास याद आए हैं। प्रदेश में 20 साल से शिवराज सिंह मुख्यमंत्री हैं और केंद्र में नौ साल से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं। मगर, उन्हें कभी संत रविदास की याद नहीं आई। अब चुनाव हैं, उन्हें संत रविदास याद आ रहे हैं।

अपनी बात आगे बढ़ते हुए खड़गे ने कहा, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री का मकसद सागर में किसी संस्थान को बनाना नहीं है, बल्कि वोट कैसे खीचें जाएं, यह उनकी कोशिश का हिस्सा है। उन्होंने वादा किया कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर संत रविदास के नाम पर विश्वविद्यालय बनाया जाएगा।

चंद लोग कर रहे संविधान बदलने की कोशिश

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर और संत रविदास की जन्मभूमि का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर हमला किया और कहा कि चंद लोग संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं। मगर, यह हो ही नहीं सकता, क्योंकि देश की 140 करोड़ लोग उसके संरक्षण में जिंदा हैं, सपोर्ट करते हैं। खड़गे ने केंद्र और राज्य की सरकार को जनविरोधी बताया। साथ ही कहा कि चुनाव आते हैं तो यह वोट पाने के लिए कुछ भी करने लगते हैं। मध्य प्रदेश हर मामले में पिछड़ा हुआ है और यहां जो सरकार है, वह विधायकों की चोरी करके बनाई गई है। उन्होंने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ को नाथ बताया और कहा कि कमल तो भाजपा का है, मगर नाथ हमारे हैं।

खड़गे ने किए बड़े ऐलान

- रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा।

- किसानों का कर्ज मुफ्त होगा।

- महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये।

- 100 यूनिट तक बिजली का बिल माफ।

- पुरानी पेंशन स्कीम फिर से लागू होगी।

- जातिगत जनगणना कराई जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article