Indore Clean City: स्वच्छता के क्षेत्र में इंदौर ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। गुरुवार को घोषित स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 के नतीजों में इंदौर ने लगातार आठवीं बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का खिताब अपने नाम किया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजधानी दिल्ली में आयोजित समारोह में इंदौर को स्वच्छता का सर्वोच्च सम्मान प्रदान किया। इस उपलब्धि से न केवल इंदौर, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में गर्व और खुशी की लहर दौड़ गई है।
इस साल सर्वेक्षण में सूरत को दूसरा और नवी मुंबई को तीसरा स्थान मिला है। वहीं, भोपाल को देश की सबसे स्वच्छ राजधानी घोषित किया गया है। इंदौर न केवल लगातार जीत दर्ज कर रहा है, बल्कि अब वह अन्य शहरों के लिए एक मिसाल भी बन गया है। इस बार के सर्वेक्षण में सुपर स्वच्छ लीग की शुरुआत की गई थी, जिसमें देश के 23 प्रमुख शहरों को शामिल किया गया। इन शहरों में भी इंदौर ने सर्वोच्च अंक प्राप्त किए।
मेयर ने दी शहरवासियों को बधाई
इंदौर के मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने राष्ट्रपति के हाथों यह सम्मान ग्रहण किया और इजराइल से वीडियो संदेश के जरिए शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इंदौर फिर से सिरमौर बना है। भारत सरकार ने इंदौर जैसे शहरों को अलग लीग में रखा, बावजूद इसके हमने शीर्ष स्थान बरकरार रखा। इंदौर नगर निगम, सफाईकर्मियों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों ने इस शहर को स्वच्छता का पर्याय बना दिया है। निगमायुक्त शिवम वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम की टीम और मेयर भार्गव दिल्ली में मौजूद रहे। जनभागीदारी, नवाचार, और प्रशासनिक समन्वय इंदौर को हर बार अन्य शहरों से आगे ले जाते हैं।
2017 से है नंबर 1
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई बार इंदौर की सराहना कर चुके हैं। उन्होंने कहा था कि जब देश के दूसरे शहर किसी काम की योजना बनाते हैं, इंदौर तब तक उसे पूरा कर चुका होता है। 2017 से लेकर अब तक लगातार पहले स्थान पर रहने वाले इंदौर की सबसे बड़ी ताकत उसका जनभागीदारी मॉडल है। यहां नागरिक, प्रशासन और सफाईकर्मी मिलकर न केवल स्वच्छता को एक आदत बना चुके हैं, बल्कि इसमें निरंतर नवाचार भी कर रहे हैं।
