Gwalior Hospital Fire: ग्वालियर के कमला राजा अस्पताल के प्रसूति वार्ड में बीती रात को आग लग गई। बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण अस्पताल में आग लगी। पुलिस ने बताया कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। अस्पताल के सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया है। दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है।
ग्वालियर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी अतिबल सिंह यादव ने एएनआई को बताया कि हमें अस्पताल के प्रसूति वार्ड में आग लगने की सूचना मिली। हमने तुरंत 6 स्टेशनों को सूचना दी। जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर सफलतापूर्वक काबू पाया गया। इस घटना के कारण प्रसूति वार्ड समेत पूरे अस्पताल से करीब 150 मरीजों को सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में ट्रांसफर कर दिया गया।
मरीजों की जांच की जा रही
उप-विभागीय मजिस्ट्रेट विनोद सिंह ने ANI को बताया केआर अस्पताल के सेक्शन में करीब 14 मरीज थे, साथ ही 9-10 अन्य को मिलाकर कुल 22-23 मरीज थे। आग लगते ही मरीजों को बाहर निकाल लिया गया। लेकिन आग का धुंआ पूरे अस्पताल में फैल गया। जसिके बाद सभी मरीजों का बाहर निकल लिया गया और उन्हें सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में ट्रांसफर किया गया। उन्होंने कहा कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। मरीजों की जांच करके पता लगाया जा रहा है कि क्या धुएं के कारण उन्हें सांस में तकलीफ हो रही है।
शीशा तोड़कर मरीजों को निकाला बाहर
प्रत्यक्षदर्शियों ने एएनआई को बताया कि करीब 1:30 बजे से 2 बजे के दौरान लोग बाहर सो रहे थे, तभी हमने डॉक्टरों और अन्य लोगों से आग लगने और लोगों के चिल्लाने की आवाज सुनी। हमारा मरीज आईसीयू में था और हम इस घटना से डर गए थे। हमने खिड़की से देखा तो अंदर मरीज फंसे हुए थे। हमने मरीजों को निकालने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर का उपयगोग कर शीशा तोड़ दिया।
