भोपाल

Ujjain: सात फेरे के बाद लिखी ठगी की स्क्रिप्ट; शादी के नाम पर ऐसे रचा जाल, पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश

उज्जैन जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। भाटपचलाना थाना क्षेत्र में लुटेरी दुल्हन और उसके गिरोह ने युवक से डेढ़ लाख रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी है।

Image

उज्जैन में शादी के नाम पर ठगी

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ujjain Luteri Dulhan: उज्जैन जिले के भाटपचलाना थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह की मुख्य आरोपी लुटेरी दुल्हन सहित चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब ग्राम खरसोदकला निवासी रतनलाल सेन ने अपनी नवविवाहिता पत्नी के शादी के कुछ ही दिनों बाद अचानक लापता हो जाने पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के अनुसार, रतनलाल ने एक महिला की मदद से नेहा नाम की लड़की से शादी की थी, जिसके बदले 1.50 लाख रुपये की मांग की गई थी। रतनलाल ने यह रकम अपने परिचित से उधार लेकर दी। शादी के बाद दुल्हन ने मात्र छह दिन ससुराल में बिताए और फिर अचानक गायब हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी योजना एक संगठित ठग गिरोह द्वारा रची गई थी, जिसमें खुद दुल्हन पूजा उर्फ नेहा, उसके पति सहित कई लोग शामिल थे।

पुलिस ने नेहा और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 40 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। यह मामला विवाह के नाम पर की जा रही सुनियोजित ठगी की गंभीर तस्वीर पेश करता है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है और गिरोह से जुड़ी अन्य कड़ियों को खंगाल रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article