Bhopal Municipal Corporation: राजधानी भोपाल को स्वच्छता मामले में नंबर वन बनाने के लिए तमाम कोशिशें की जा रही हैं। इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा भोपाल शहर की खूबसूरती को खराब करने का काम किया जाता रहा है। ऐसे में नगर निगम के अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी ने भोपाल पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरी तरफ भोपाल शहर में नगर निगम ने पानी की बर्बादी को लेकर अब कड़ा रुख अपना लिया है। नगर निगम की ओर से उन लोगों के कनेक्शन भी काट दिए जाएंगे जो पानी की बर्बादी करते हुए पाए जाएंगे।
बता दें कि, किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि, उनके पत्र को ही शिकायती आवेदन समझा जाए। असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि, भोपाल नगर निगम की ओर से सजावट और सरोकार के लिए किए जाने वाले कार्यों को खराब करने वालों पर पुलिस एक्शन लेने का काम करें। किशन सूर्यवंशी ने कहा है कि, लगातार यह देखने को मिल रहा है कि, नगर निगम के साथ ही सामाजिक संगठन और तमाम लोग भोपाल को स्वच्छता में नंबर वन लाने के लिए मेहनत कर रहे हैं, बावजूद इसके कुछ असामाजिक तत्व इसकी खूबसूरत फिजा को खराब करने में लगे हुए हैं। ऐसे में भोपाल पुलिस के सीसीटीवी कैमरे हर चौराहे पर लगे हुए हैं, उन चौराहों और बड़े स्पॉट से इन केंद्रों के माध्यम से आसानी से निगरानी हो सकती है। फिलहाल उन्होंने अपना आवेदन पुलिस कमिश्नर को सौंप दिया है।
