Bhind Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में गुरुवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सुबह एक कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जाकर भिड़ गई। इस घटना में कार सवार तीन लोगों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं 2 अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना मिली। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मृतकों के शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू की गई है।
लॉरी से टकराई कार
पुलिस ने बताया कि इस भिड़तं में कार में सवार तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर सुबह करीब पांच बजे हुई, जब पीड़ित कार सवारों में से एक के भाई की शादी के समारोह में जा रहे थे। भिंड के पुलिस अधीक्षक (एसपी) असित यादव ने बताया कि कार सड़क के किनारे खड़ी लॉरी के पिछले हिस्से से टकरा गई।
पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि हादसे का शिकार हुए मृतकों की पहचान उमेश राठौर, मंगल राठौर (28) और आकाश राठौर (25) के रूप में की गई है। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के बाद कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पीड़ित आकाश के भाई की शादी में शामिल होने जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि दो घायलों धीरज राठौर (22) और महेंद्र राठौर (20) को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर ले जाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
(इनपुट - भाषा)
