Best Places to Visit in Bhopal: भोपाल के पास स्थित खंडवा के हनुवंतिया जल महोत्सव में भारी भीड़ उमड़ रही है। क्रिसमस के मौके पर टेंट सिटी फुल हो गई। बता दें कि नए साल के जश्न के लिए टेंट सिटी के 105 कॉटेज फुल हो चुके हैं। जगमग लाइटों से गुलजार टेंट सिटी का रात में मनमोहक नजारा देखने को मिल रहा है। इस पर्यटन स्थल पर नए साल में घूमने के लिए आप भी प्लान कर सकते हैं।
बता दें कि, खंडवा जिले का जल पर्यटन केंद्र हनुवंतिया में सातवां जल महोत्सव चल रहा है। पर्यटन विकास निगम की ओर से पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस दौरान पर्यटक विकास निगम के टूरिस्ट सेंटर के अलावा एक निजी कंपनी के बोट क्लब में वाटर बेस्ड एडवेंचर गतिविधियां की जा रही हैं।
जानिए क्या है हनुवंतिया जल महोत्सव का महत्व
जल पर्यटन क्षेत्र में मिनी गोवा के नाम से देशभर में प्रसिद्ध हनुवंतिया दो महीने तक पर्यटकों से गुलजार रहने वाला है। जल महोत्सव हर साल नवंबर से जनवरी तक आयोजित किया जाता है। बता दें कि, जल महोत्सव का प्रमुख आकर्षण फ्लाइंग इंफ्लेटेबल बोट, फ्लोटिंग वेलनेस स्पा और 105 स्विस टेंट की सिटी है। साथ ही स्कूबा डाइविंग, बोरियामल द्वीप पर नाइट सफारी, स्पीड बोट, जेट स्काई, हाट एयर बलूनिंग, लग्जरी रीगल सीरीज बोट, 40 फीट हाई रोप स्विंग जिप साइकल, पैरामोटरिंग, पैरासेलिंग, मोटर बोट राइडिंग सहित विभिन्ना एडवेंचर गतिविधियां पर्यटकों को रोमांच से भर रही हैं। बता दें कि यहां पर 31 दिसंबर की शाम उत्सवी माहौल के अलावा यहां एक लोकप्रिय टीवी सीरियल की शूटिंग भी प्रस्तावित है।
ऐसे पहुंचे हनुवंतिया जल महोत्सव में
जानकारी के लिए बता दें कि, मध्य प्रदेश में इंदिरा सागर बांध के तट पर स्थित हनुवंतिया प्रकृति का एक नायाब तोहफा है। यदि आप यहां आने का प्लान बना रहें तो बता दें कि, यहां का निकटतम हवाई अड्डा इंदौर है। इंदौर हवाई अड्डे से 3 घंटे की दूरी पर हनुवंतिया स्थित है। यदि आप ट्रेन से आना चाहते हैं तो आपको खंडवा स्टेशन पर उतरना होगा। खंडवा से सड़क मार्ग के रास्ते 50 किलोमीटर की दूरी तय करके इस महोत्सव में शिरकत कर सकते हैं। हनुवंतिया इंदौर, भोपाल और खंडवा के सड़क मार्ग से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है।
