Satna News: मध्यप्रदेश के सतना में रेलवे की पेंट्री सेवाओं की साफ-सफाई और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। जहां अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में डिस्पोजल एल्यूमिनियम फूड बॉक्स धोकर दोबारा उपयोग किए जाने का वीडियो सामने आया है, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने इस मामले में रेलवे प्रशासन से तत्काल जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं IRCTC ने बताया है कि वेंटर को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है और भारी जुर्माना भी लगाया गया है।
यह मामला ट्रेन संख्या 16601 इरोड-जोगबनी अमृत भारत एक्सप्रेस का है। जिसमें सवार एक यात्री रवि दुबे ने कटनी से सतना रेलखंड के बीच एक वीडियो बनाया। जिसमें साफ दिख रहा है कि पेंट्रीकार के कर्मचारी पहले से इस्तेमाल किए गए डिस्पोजल बॉक्स को पानी से धोकर सुखा रहे हैं ताकि उन्हें अगली यात्रा में फिर से उपयोग किया जा सके। यात्री ने जब इस पर आपत्ति जताई तो पेंट्री कर्मचारियों ने इसे 'रोजाना की प्रक्रिया' कहकर नजरअंदाज कर दिया। यात्री ने इस वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर रेल मंत्रालय और IRCTC को टैग किया।
लोगों ने वीडियो देख जताई नाराजगी
इस वीडियो सामने आते ही यात्रियों और इंटरनेट मीडिया यूजर्स में नाराजगी फैल गई। उन्होंने तुरंत रेलवे प्रशासन से मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं कई लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं स्वच्छ भारत अभियान और फूड सेफ्टी मानकों की पूरी तरह से धज्जियां उड़ाती हैं। रेलवे दिशा-निर्देशों के मुताबिक किसी भी डिस्पोजल सामग्री का दोबारा इस्तेमाल पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यह न केवल यात्रियों की सेहत के लिए खतरा है, बल्कि फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट का भी उल्लंघन है।

IRCTC ने मामले में लिया एक्शन
IRCTC ने क्या कार्रवाई की?
इस वीडियो पर IRCTC का भी जवाब कमेंट सेक्शन में आया है, जिसमें कहा गया है कि 'मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए वेंडर की पहचान कर उसे तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही लाइसेंसी के लाइसेंस को रद्द करने की भी कार्यवाही की जा रही है, एवम भारी जुर्माना भी लगाया गया है।'
