शहर

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रातभर भारी तोड़फोड़, नकाबपोशों ने CCTV कंट्रोल रूम और गेट तोड़े, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जताई गंभीर चिंता

Jamia University Gate CCTV Broken Protests: जामिया मिल्लिया इस्लामिया में 27 अक्टूबर की रात नकाबपोश प्रदर्शनकारियों द्वारा भारी तोड़फोड़ की गई। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने इसे सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया है।

Image

जामिया मिल्लिया इस्लामिया में रातभर भारी तोड़फोड़, नकाबपोशों ने CCTV कंट्रोल रूम और गेट तोड़े, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जताई गंभीर चिंता

Jamia Millia Islamia Vandalism October 2026: राजधानी दिल्ली स्थित जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) परिसर में 27 अक्टूबर की रात बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ और हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, प्रदर्शनकारी छात्रों और कुछ बाहरी/स्थानीय तत्वों के समूह ने लोहे की रॉड, हथौड़ों और अन्य औजारों का इस्तेमाल कर कैंपस की संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचाया है। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी के शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों में गहरा असंतोष और आक्रोश है।

घटना का ब्योरा और हुआ नुकसान:

गेट और संपत्ति को नुकसान: उपद्रवियों ने यूनिवर्सिटी के गेट नंबर 4C को पूरी तरह तोड़ दिया। इसके अलावा बाउंड्री वॉल और परिसर की इमारतों को नुकसान पहुंचाया गया।

सीसीटीवी और कंट्रोल रूम पर हमला: प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी की और यूनिवर्सिटी के CCTV कंट्रोल रूम, कैमरों व उनके कनेक्शन को निशाना बनाकर क्षतिग्रस्त कर दिया, ताकि गतिविधियों की रिकॉर्डिंग बाधित हो सके।

हॉस्टल में जबरन घुसने का प्रयास: नकाबपोश प्रदर्शनकारियों का एक समूह लड़कों के हॉस्टल तक जा पहुंचा और वहां रह रहे छात्रों को जबरन प्रदर्शन में शामिल करने की कोशिश की।

शिक्षकों को धमकियां: प्रशासन के मुताबिक, प्रदर्शन कर रही छात्राओं को समझाने पहुंचीं महिला शिक्षकों, हॉस्टल वार्डन और प्रोवोस्ट को भी धमकियां दी गईं।

बातचीत की 7वीं कोशिश नाकाम, ऑनलाइन मोड में चल रही हैं क्लासेस

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने बताया कि वे पिछले एक सप्ताह से लगातार छात्रों से संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रहे थे। 27 अक्टूबर की शाम को बातचीत की 7वीं कोशिश की गई थी, लेकिन इसके तुरंत बाद सुनियोजित तरीके से बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ शुरू कर दी गई।

उल्लेखनीय है कि 24 अक्टूबर को जारी प्रशासनिक आदेश के तहत वर्तमान में यूनिवर्सिटी में पठन-पाठन कार्य ऑनलाइन मोड (Online Mode) में संचालित किया जा रहा है।

सुरक्षा और आर्थिक नुकसान पर प्रशासन का रुख

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने जारी बयान में छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। प्रशासन का कहना है कि इमारतों, क्लासरूम, लैब, लाइब्रेरी और सुरक्षा प्रणालियों (Security System) को पहुंचाए गए नुकसान से भारी आर्थिक क्षति हुई है, साथ ही पूरे कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। इस संबंध में उचित कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article