भोपाल

ग्वालियर एयरपोर्ट दो दिन तक बंद, 9 मई तक सभी फ्लाइट्स कैंसिल

ऑपरेशन सिंदूर के बाद ग्वालियर के महाराजपुरा एयरबेस पर हाई अलर्ट है। जिसके चलते दो दिन तक ग्वालियर एयरपोर्ट से सभी फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। यह एयरपोर्ट उड़ानों के संचालन के लिए महाराजपुरा एयरबेस के रनवे का इस्तेमाल करता है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Gwalior Airport Closed: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के मद्देनजर ग्वालियर की राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयरपोर्ट की सभी उड़ानों को दो दिन के लिए रद्द कर दिया गया है। 9 मई तक इस एयरपोर्ट से सभी नागरिक और वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन नहीं किया जाएगा। यह फैसला महाराजपुर एयरफोर्स स्टेशन पर हाई अलर्ट के चलते लिया गया है। यह एयरपोर्ट उड़ान संचालन के लिए भारतीय वायु सेना के महाराजपुरा एयरबेस के रनवे का उपयोग करता है। यह एयरबेस लड़ाकू विमानों के लिए एक प्रमुख केंद्र के रूप में कार्य करता है।

पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक

ग्वालियर एयरपोर्ट के निदेशक काशीनाथ यादव ने बताया कि एयरपोर्ट को नौ मई तक नागरिक और वाणिज्यिक विमानों के लिए बंद कर दिया गया है। एयरपोर्ट ने सोशल मीडिया पर भी यह जानकारी साझा की। इससे पहले दिन में, भारतीय सशस्त्र बलों ने सटीक हमलों की एक श्रृंखला में पाकिस्तान और PoK के आतंकी बुनियादी ढांचे के जड़ पर हमला किया। भारतीय लड़ाकू विमानों ने बुधवार तड़के पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए बिना प्रशिक्षण शिविरों, लॉन्च पैडों और जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालयों को निशाना बनाया।

पहलगाम हमले के जबाव में ऑपरेशन सिंदूर

अधिकारियों ने बताया कि जब भारत ने रात के अंधेरे में हमला किया तब पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के नौ महत्वपूर्ण स्थलों पर बड़ी संख्या में आतंकवादी मौजूद थे। इन स्थलों में बहावलपुर में जैश का विशाल मुख्यालय और मुरीदके में लश्कर का मुख्यालय शामिल था। यह जवाबी कार्रवाई 22 अप्रैल को कश्मीर के पहलगाम शहर में 25 पर्यटकों की उनकी पत्नियों और परिवारों के सामने गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद की गई है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article