शहर

Bhopal News: भोपाल में सिरफिरे का आतंक, अलग-अलग इलाकों में 3 युवतियों पर हमला

भोपाल में देर रात एक नकाबपोश युवक ने तीन अलग-अलग युवतियों पर चाकू से वार किया। आरोपी ने पिपलानी में दो युवतियों और अयोध्या नगर में तीसरी युवती पर हमला किया। आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

Image

भोपाल में 3 युवतियों पर हमले के बाद पुलिस अलर्ट

Bhopal News: भोपाल से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। देर रात एक अज्ञात युवक ने तीन अलग-अलग युवतियों पर चाकू से हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। आरोपी ने नकाब बांधकर इस वारदात को अंजाम दिया। तीनों पीड़ित युवतियों की उम्र 19 से 21 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

पिपलानी और अयोध्या नगर में युवतियों पर हमला

जानकारी के अनुसार आरोपी ने दो युवतियों पर पिपलानी में हमला किया। वहीं तीसरी युवती पर अयोध्या नगर इलाके में चाकू से वार किया। हैरानी की बात यह है कि तीनों युवतियां आरोपी को पहले से नहीं जानती हैं। वारदात के दौरान आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। सीसीटीवी फुटेज में हमलावर बाइक पर सवार दिखाई दे रहा है। आरोपी युवतियों पर पीछे से आकर अचानक चाकू से हमला करता है। एक पीड़िता के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी उसे पास बुलाने की भी कोशिश कर रहा था। एक वारदात में आरोपी ने युवती के घर के बाहर ही उसपर हमला कर दिया। वह जैसे ही घर से बाहर निकलती है, आरोपी बाइक पर सवार होकर पीछे से आता है और युवती को घायल करके आगे बढ़ जाता है। इस घटना से डरकर युवती तुरंत अपने घर के अंदर चली जाती है।

किसी सिरफिरे की हरकत की आशंका

भोपाल के अलग-अलग इलाकों में हुई इन घटनाओं से पुलिस भी हैरान है। पुलिस ने आशंका जताई है ये हमले किसी सिरफिरे व्यक्ति ने किए हैं। इन वारदातों के बाद पुलिस ने पिपलानी इलाके में गश्त बढ़ा दी है। पुलिस आरोपी की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लेकिन रात का समय होने की वजह से आरोपी फुटेज में बहुत साफ नजर नहीं आ रहा है। लेकिन पुलिस की टीम आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने के लिए जुटी हुई है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article