शहर

90 साल पुरानी इमारत बनी खतरा! भिंड जिला अस्पताल में ढही छत, नवजातों को दूध पिलाने गईं 3 महिलाएं घायल

मध्य प्रदेश के भिंड जिला अस्पताल में एक गंभीर हादसा सामने आया है, जहां SNCU वार्ड के फीडिंग रूम की छत और सीलिंग अचानक गिर गई। इस घटना में वहां मौजूद तीन महिलाएं घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद अस्पताल की जर्जर इमारत और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Image

भिंड जिला अस्पताल में बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Bhind District Hospital Incident: मध्य प्रदेश के भिंड जिला अस्पताल में एक बड़ा हादसा सामने आया है। SNCU वार्ड के फीडिंग रूम की छत और सीलिंग अचानक गिरने से वहां मौजूद तीन महिलाएं घायल हो गईं। सभी घायलों को तुरंत ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय जब तीन महिलाएं अपने नवजात शिशुओं को दूध पिलाने के लिए SNCU वार्ड के फीडिंग रूम में पहुंची थीं, तभी अचानक कमरे की छत और सीलिंग भरभराकर गिर पड़ी। इस हादसे में तीनों महिलाएं घायल हो गईं।

पहले ही जर्जर घोषित किया गया था इमारत को

गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि तीसरी महिला को मामूली चोटें आई हैं। दोनों गंभीर रूप से घायल महिलाओं का इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है। बताया जा रहा है कि भिंड जिला अस्पताल की पुरानी इमारत का निर्माण वर्ष 1936 में हुआ था, जिसे लगभग 90 साल हो चुके हैं और उसे पहले ही जर्जर घोषित किया जा चुका है। हालांकि, अस्पताल परिसर में नई इमारतों के निर्माण का कार्य चल रहा है।

अधिकतर वार्ड पुरानी इमारत में ही संचालित

हालांकि, अभी भी अस्पताल के अधिकतर वार्ड पुरानी इमारत में ही संचालित हो रहे हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। घायल महिलाओं के परिजनों का आरोप है कि यह घटना अस्पताल प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई और उनकी महिलाएं आज इस स्थिति में पहुंच गई हैं।

पूरी बिल्डिंग की जांच की जांच होगी

वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से सिविल सर्जन ने बयान देते हुए कहा कि अस्पताल की इमारत करीब 90 साल पुरानी है और जर्जर स्थिति में है, जिसके कारण यह घटना हुई है। उन्होंने आगे बताया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए एक टीम गठित की जाएगी, जो पूरी बिल्डिंग की जांच करेगी, ताकि आगे किसी प्रकार का हादसा न हो।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article