शहर

'भारत में धमाके होते रहते हैं'...कोई नई बात नहीं; पंजाब ब्लास्ट पर फारूक अब्दुल्ला का आया विवादित बयान

पंजाब में दो सिलसिलेवार धमाकों के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि 'हिंदुस्तान में ब्लास्ट होते रहते हैं, इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ऐसी घटनाओं को लेकर घबराने की बजाय स्थिति को समझने और जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए।

Image

फारूक अब्दुल्ला, अध्यक्ष नेशनल कॉन्फ्रेंस

पंजाब के अमृतसर और जालंधर में धमाकों के बाद सियासत जारी है। इस बीच जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारुख अब्दुल्ला ने पंजाब बम धमाकों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 'भारत में इस तरह की घटनाएं पहले भी होती रही हैं और इसमें कुछ नया नहीं' है। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

बता दें कि मंगलवार रात को पंजाब के अमृतसर और जालंधर शहरों में धमाके हुए। अमृतसर में खासा आर्मी कैंप के बाहर धमाका हुआ, जबकि जालंधर में धमाके के बाद एक खड़ी स्कूटर पूरी तरह से नष्ट हो गई। बुधवार सुबह फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का दौरा किया। दोनों जगह जांच टीमों ने छानबीन की और साक्ष्य जुटाए हैं। दो धमाकों के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां चौकन्ना है। इसी बीच फारूक अब्दुल्ला ने इन घटनाओं को लेकर कहा कि 'हिंदुस्तान में ब्लास्ट होते रहते हैं, इसमें कोई नई बात नहीं है।

हालांकि, उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ऐसी घटनाओं को लेकर घबराने की बजाय स्थिति को समझने और जांच एजेंसियों को अपना काम करने देना चाहिए। हालांकि उनके इस बयान को लेकर अलग-अलग राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और इसे लेकर बहस छिड़ गई है। वहीं सुरक्षा एजेंसियां पंजाब में हुए धमाकों की गंभीरता से जांच कर रही हैं और पूरे मामले की हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। इन घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और आतंकी खतरे को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसके अलावा फारूक अब्दुल्ला ने वैश्विक हालात का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस समय युद्ध जैसी स्थिति के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने आर्थिक संकट और अंतरराष्ट्रीय तनाव का हवाला देते हुए कहा कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं होता, बल्कि इससे हालात और बिगड़ते हैं। पंजाब धमाकों पर दिए गए उनके इस बयान ने सियासी माहौल को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में इस पर और प्रतिक्रियाएं देखने को मिल सकती हैं।

खालिस्तान लिबरेशन आर्मी ने ली जिम्मेदारी

एक पुलिस अधिकारी कहते हैं कि स्कूटरी की बैट्री में ब्लास्ट हुआ, जबकि 'खालिस्तान लिबरेशन आर्मी' ने धमाके की जिम्मेदारी भी ली है। ब्लास्ट इतना बड़ा था कि कई किलोमीटर तक उनकी आवाज सुनाई दी। यह पंजाब पुलिस की इंटेलिजेंस की विफलता है कि बीएसएफ चौक के पास धमाका हुआ, जो जगह जालंधर का दिल कही जाती है।"

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article